JASHPUR NEWS. जशपुर जिला अस्पताल में मेडिकल फिटनेस प्रमाण पत्र जारी करने के नाम पर डॉक्टर द्वारा कथित तौर पर पैसे लिए जाने का मामला सामने आया है। घटना से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद अस्पताल प्रबंधन से लेकर प्रशासन तक हलचल बढ़ गई है।

वायरल वीडियो के आधार पर आरोप लगाया गया है कि मेडिकल फिटनेस सर्टिफिकेट बनवाने के एवज में डॉक्टर ने पैसे लिए। मामले की शिकायत सीएम हेल्पलाइन के माध्यम से की गई है। शिकायतकर्ता ने पूरे घटनाक्रम की जांच कर दोषी पाए जाने पर उचित कार्रवाई की मांग की है।

डिप्टी कलेक्टर को सौंपी गई जांच
मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन ने जांच के आदेश दिए हैं। डिप्टी कलेक्टर हरिओम द्विवेदी को जांच की जिम्मेदारी सौंपी गई है। जांच टीम वायरल वीडियो, शिकायत में लगाए गए आरोपों और मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की पड़ताल कर रही है।

जांच के बाद सामने आएगी सच्चाई
फिलहाल डॉक्टर पर रिश्वत लेने के आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। प्रशासनिक जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि वायरल वीडियो और शिकायत में लगाए गए आरोपों में कितनी सच्चाई है। मामले के सामने आने के बाद जिला अस्पताल और स्वास्थ्य विभाग में भी चर्चा तेज हो गई है।





































