BILASPUR NEWS. दोस्तों के साथ अरपा नदी में नहाने गया 14 वर्षीय किशोर गहरे पानी में डूब गया। हादसे के बाद करीब दो घंटे तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद एसडीआरएफ की टीम ने नदी से किशोर का शव बरामद किया। घटना की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

मामला सरकंडा थाना क्षेत्र के जबड़ापारा के पास अरपा नदी का है। मिली जानकारी के अनुसार, सौरभ धुरी पिता जीवन धुरी, उम्र 14 वर्ष, गुरुवार को करीब चार-पांच दोस्तों के साथ नदी में नहाने पहुंचा था। दोपहर करीब 12 बजे सभी बच्चे नदी में उतरकर नहा रहे थे। इसी दौरान सौरभ गहरे पानी की ओर चला गया और अचानक डूबने लगा।

सौरभ को डूबता देख उसके दोस्तों ने आसपास के लोगों और परिजनों को इसकी जानकारी दी। सूचना मिलते ही सरकंडा पुलिस मौके पर पहुंची और किशोर की तलाश शुरू कराई। नदी में पानी की गहराई अधिक होने के कारण एसडीआरएफ की टीम को बुलाया गया।

एसडीआरएफ के जवानों ने मौके पर पहुंचकर नदी में सघन रेस्क्यू अभियान शुरू किया। करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दोपहर लगभग 2 बजे टीम ने सौरभ का शव नदी से बरामद कर लिया।

शव मिलते ही मचा कोहराम
किशोर का शव मिलने की खबर जैसे ही परिजनों को मिली, परिवार में मातम पसर गया। जिस सौरभ के साथ उसके दोस्त कुछ देर पहले नदी में नहाने और खेलने पहुंचे थे, उसी की मौत की खबर से पूरा परिवार सदमे में है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर घटना की जांच शुरू कर दी है।






































