RANCHI NEWS. झारखंड में JSSC-CGL परीक्षा को लेकर छात्रों का आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है। गुरुवार को प्रदर्शन का 20वां दिन रहा। राज्यभर से रांची पहुंचे छात्र जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे हैं। वहीं, 10 अगस्त को विधानसभा घेराव के मामले में पुलिस-प्रशासन ने सख्ती बरतते हुए करीब 500 प्रदर्शनकारियों के खिलाफ FIR दर्ज की है।

आंदोलन के बीच छह छात्र अनशन पर बैठे हैं। प्रदर्शनकारियों की प्रमुख मांग है कि JSSC-CGL परीक्षा को तत्काल रद्द किया जाए और पूरे मामले की CBI से जांच कराई जाए। छात्रों ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से खुद आंदोलन स्थल पर पहुंचकर बातचीत करने की मांग की है।

आजादी का जश्न मनाना चाहते हैं, लेकिन सरकार नहीं सुन रही
प्रदर्शनकारी छात्र राधे कुमार ने कहा कि आंदोलन को 20 दिन हो चुके हैं और अब स्वतंत्रता दिवस भी नजदीक है। उन्होंने कहा कि छात्र भी 15 अगस्त का पर्व उत्साह से मनाना चाहते हैं, लेकिन उनकी मांगों पर सरकार की ओर से कोई ठोस पहल नहीं हो रही है। छात्रों का कहना है कि मुख्यमंत्री से बातचीत होने तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।

देवेंद्रनाथ महतो की हिरासत को लेकर आक्रोश
आंदोलनकारी छात्रों ने छात्र नेता देवेंद्रनाथ महतो को हिरासत में लिए जाने का आरोप लगाया है। छात्रों का दावा है कि उन्हें देवेंद्रनाथ महतो से मिलने नहीं दिया जा रहा है और उनके स्वास्थ्य को लेकर भी स्पष्ट जानकारी नहीं दी जा रही। इसे लेकर आंदोलनकारियों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।

CM हाउस घेराव की चर्चा पर छात्रों ने दी सफाई
इस बीच 16 अगस्त को मुख्यमंत्री आवास के घेराव की चर्चा भी सामने आई थी। हालांकि, आंदोलनकारी छात्रों ने इसका खंडन करते हुए कहा कि फिलहाल मुख्यमंत्री आवास घेराव को लेकर कोई आधिकारिक निर्णय नहीं लिया गया है। छात्रों ने स्पष्ट किया कि वे अपनी मांगों को लेकर फिलहाल शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन जारी रखेंगे।






































