SUKMA NEWS. विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर 212 बटालियन सीआरपीएफ की ओर से किस्ताराम एक्सिस के पोटकपल्ली में स्थानीय आदिवासी समुदाय के बीच जनकल्याण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कमांडेंट विजय कुमार वर्मा के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में ग्रामीणों को खेती-किसानी से जुड़ी सामग्री, स्कूल बैग, स्टेशनरी, कंबल, साड़ियां, खेलकूद का सामान और बर्तन सहित विभिन्न उपयोगी सामग्री वितरित की गई।

कार्यक्रम का उद्देश्य आदिवासी समुदाय के साथ आत्मीय संबंध मजबूत करना और उनके प्रति सम्मान व सहयोग की भावना को बढ़ावा देना रहा। इस दौरान सीआरपीएफ अधिकारियों और जवानों ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं और जरूरतों की जानकारी ली तथा हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

ग्रामीणों ने सीआरपीएफ के इस मानवीय प्रयास की सराहना करते हुए जवानों के प्रति आभार जताया। कार्यक्रम के बाद ग्रामीणों के लिए भोजन की भी व्यवस्था की गई।

आदिवासियों को मुख्यधारा से जोड़ना लक्ष्य
कमांडेंट विजय कुमार वर्मा ने कहा कि नक्सलियों के मंसूबों पर गहरी चोट करने के साथ ही 212 बटालियन का उद्देश्य क्षेत्र के आदिवासी समुदाय को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि कमजोर और जरूरतमंद वर्गों के कल्याण के लिए भविष्य में भी इस तरह के जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे।

कार्यक्रम में शमीमुद्दीन शेख, द्वितीय कमान अधिकारी (प्रशासन), दिनेश कुमार, द्वितीय कमान अधिकारी (परिचालन), गौरव शर्मा, उप कमांडेंट, राकेश लाम्बा, सहायक कमांडेंट सहित अधीनस्थ अधिकारी और जवान मौजूद रहे।






































