KHANDWA NEWS: मध्य प्रदेश के खंडवा जिले से खाद्य सुरक्षा और होटल में साफ-सफाई को लेकर हैरान करने वाला मामला सामने आया है। शहर के कहारवाड़ी क्षेत्र स्थित बिस्मिल्लाह होटल से खरीदे गए मटन कोल्हापुरी के पार्सल में कथित तौर पर आधा मरा हुआ चूहा मिलने से हड़कंप मच गया। मामला उस समय और गंभीर हो गया, जब परिवार के दो मासूम बच्चे चूहे का पता चलने से पहले उसी खाने को खा चुके थे।

घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें मटन के बीच चूहा दिखाई दे रहा है। शिकायत के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने होटल पहुंचकर जांच शुरू की और मटन व बिरयानी के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे हैं।

मटन खाने के बाद बर्तन में दिखा चूहा
शिकायतकर्ता इरफान खान के मुताबिक, उन्होंने कहारवाड़ी स्थित बिस्मिल्लाह होटल से मटन कोल्हापुरी का पार्सल पैक कराया था। घर पहुंचने के बाद परिवार के लोग खाना खाने बैठे। इस दौरान परिवार के दो छोटे बच्चों ने भी पार्सल से मटन खा लिया।

कुछ देर बाद जब खाने को ध्यान से देखा गया तो मटन के टुकड़ों के बीच आधा मरा हुआ चूहा दिखाई दिया। यह देखकर परिवार के लोग घबरा गए। इरफान खान ने घटना का वीडियो रिकॉर्ड किया और बच्चों को एहतियात के तौर पर अस्पताल ले गए। राहत की बात है कि फिलहाल दोनों बच्चे स्वस्थ बताए जा रहे हैं।
शिकायत के बाद खाद्य विभाग ने होटल में की जांच
घटना की जानकारी मिलने के बाद इरफान खान ने खाद्य सुरक्षा विभाग में लिखित शिकायत की। शिकायत पर कार्रवाई करते हुए खाद्य विभाग की टीम बिस्मिल्लाह होटल पहुंची और वहां खाद्य पदार्थों के साथ-साथ किचन की साफ-सफाई की भी जांच की।

खाद्य निरीक्षक राधेश्याम गोले के अनुसार, मटन कोल्हापुरी में चूहा मिलने की गंभीर शिकायत प्राप्त हुई थी। टीम ने होटल से मटन और बिरयानी के सैंपल लिए हैं। सभी नमूनों को सील कर जांच के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेजा जा रहा है।

लैब रिपोर्ट के बाद होगी कार्रवाई
खाद्य विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, प्रयोगशाला की जांच रिपोर्ट आने के बाद होटल संचालक के खिलाफ नियमानुसार कानूनी और प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना के सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी है। वहीं, होटल में तैयार होने वाले खाने की साफ-सफाई और खाद्य गुणवत्ता को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। फिलहाल खाद्य विभाग की लैब रिपोर्ट का इंतजार है, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई तय होगी।





































