BILASPUR NEWS. तोरवा स्थित मुक्तिधाम में शुक्रवार सुबह एक पालतू कुत्ते के अंतिम संस्कार को लेकर विवाद खड़ा हो गया। एक परिवार द्वारा अपने पालतू कुत्ते का मुक्तिधाम में दाह संस्कार कराए जाने की जानकारी सामने आने के बाद स्थानीय लोगों ने इसका विरोध किया। देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए और मामला गरमा गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कुत्ते को मुक्तिधाम की वेदी पर रखकर धार्मिक रीति-रिवाज और मंत्रोच्चार के साथ अंतिम संस्कार किया गया। स्थानीय लोगों का आरोप है कि मुक्तिधाम में पैसे लेकर जानवरों का अंतिम संस्कार कराया जा रहा है। हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है।

मौके पर पहुंचे पार्षद, जताई आपत्ति
विवाद की जानकारी मिलते ही स्थानीय पार्षद मोती गंगवानी भी मुक्तिधाम पहुंचे। उन्होंने वार्डवासियों के साथ घटना पर आपत्ति जताई और मुक्तिधाम के उपयोग को लेकर सवाल उठाए। लोगों का कहना था कि मुक्तिधाम का इस्तेमाल आमतौर पर मानव शवों के अंतिम संस्कार के लिए किया जाता है।

पार्षद और नागरिक पहुंचे तोरवा थाना
विरोध के बाद स्थानीय नागरिकों और पार्षद ने तोरवा थाने पहुंचकर मामले की शिकायत की। उन्होंने पुलिस से पूरे मामले की जांच कराने और भविष्य में मुक्तिधाम में जानवरों का अंतिम संस्कार नहीं होने देने की मांग की है।

फिलहाल पुलिस से मामले की जांच और घटना से जुड़े तथ्यों की पुष्टि की जा रही है। विवाद के बाद मुक्तिधाम में जानवरों के अंतिम संस्कार को लेकर नियमों और व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं।






































