HATHRAS NEWS. उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले में रोडवेज बस में टिकट को लेकर हुए विवाद के बाद एक दारोगा पर कार्रवाई की गई है। आरोप है कि बस कंडक्टर द्वारा नियमानुसार टिकट काटे जाने से नाराज दारोगा ने अपनी पद की ताकत का इस्तेमाल करते हुए बस को कई जगह रुकवाया और चेकिंग कराई। मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस विभाग ने कार्रवाई करते हुए दारोगा को निलंबित कर दिया है।

टिकट काटने के बाद शुरू हुआ विवाद
जानकारी के मुताबिक, आगरा फाउंड्रीनगर डिपो की सुपरफास्ट बस आंवलखेड़ा-शांतिकुंज आश्रम-हरिद्वार रूट पर जा रही थी। इसी बस में रेडियो शाखा में तैनात उपनिरीक्षक राजेश कुमार यात्रा कर रहे थे।आरोप है कि यात्रा के दौरान कंडक्टर ने दारोगा का नियमानुसार टिकट बनाया। इसके बाद दोनों के बीच विवाद हो गया। कंडक्टर का आरोप है कि टिकट काटने से नाराज होकर दारोगा ने हाथरस पहुंचने के बाद बस को रुकवा दिया।

कई जगह रुकवाकर कराई गई चेकिंग
बस कंडक्टर के मुताबिक, पहले थाना सदर कोतवाली क्षेत्र में बस रुकवाई गई और उसकी फोटो खिंचवाई गई। इसके बाद सासनी थाना क्षेत्र और हनुमान चौकी पर भी बस को रुकवाकर जांच कराई गई।आरोप है कि इस दौरान यात्रियों को काफी देर तक परेशानी का सामना करना पड़ा। बस में मौजूद यात्रियों ने भी कार्रवाई को लेकर नाराजगी जताई।

वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने लिया संज्ञान
पूरे मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने मामले का संज्ञान लिया और जांच के निर्देश दिए। सीओ सिटी हिमांशु माथुर ने बताया कि प्रारंभिक जांच में उपनिरीक्षक राजेश कुमार प्रथमदृष्टया दोषी पाए गए हैं। इसके बाद उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। मामले की विभागीय जांच जारी है और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस विभाग ने दिया सख्त संदेश
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि किसी भी कर्मचारी को अपने पद का दुरुपयोग करने की अनुमति नहीं है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।






































