KANPUR NEWS.उत्तर प्रदेश के कानपुर में एक परिवार ने आरोप लगाया है कि उनकी बेटी द्वारा प्रेम विवाह के बाद हिंदू धर्म अपनाने के कारण उन्हें पिछले आठ वर्षों से लगातार प्रताड़ित किया जा रहा है। पीड़ित परिवार का कहना है कि पड़ोसी बेटी पर दोबारा मुस्लिम धर्म अपनाने का दबाव बना रहे हैं। विरोध करने पर कई बार हमला किया गया, जिसमें परिवार की एक बेटी की मौत भी हो चुकी है। ताजा घटना के बाद परिवार ने डीसीपी दक्षिण कार्यालय पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई है।

प्रेम विवाह के बाद शुरू हुआ विवाद
पीड़ित रशीद अहमद के अनुसार, उनकी आठ संतानों में सबसे बड़ी बेटी हिना ने वर्ष 2018 में आवास विकास क्षेत्र के एक युवक से प्रेम विवाह किया था। परिवार का आरोप है कि विवाह के बाद हिना ने हिंदू धर्म अपना लिया, जिसके बाद कुछ पड़ोसी लगातार उस पर दोबारा मुस्लिम धर्म अपनाने का दबाव बनाने लगे।

कई हमलों का आरोप, एक बेटी की हो चुकी है मौत
शिकायत के मुताबिक, 5 सितंबर 2021 को परिवार के घर पर पथराव किया गया था, जिसमें उनकी तीसरी बेटी गुलफ्शां की मौत हो गई। इसके करीब एक वर्ष बाद दोबारा पथराव हुआ, जिसमें उनके बेटे का हाथ टूट गया। इस मामले में अदालत के निर्देश पर मुकदमा दर्ज किया गया था।

हाल ही में फिर हमला करने का आरोप
पीड़ित का आरोप है कि 4 अगस्त को पड़ोसी और उसके साथियों ने उनके बेटे कासान पर हमला किया। इस संबंध में पुलिस को शिकायत दी गई, लेकिन समय पर कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाया गया।

डीसीपी ने दिए जांच के आदेश
गुरुवार को पीड़ित परिवार ने डीसीपी दक्षिण कार्यालय पहुंचकर सुरक्षा और न्याय की मांग की। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामले की जांच के आदेश दे दिए गए हैं। जांच पूरी होने के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

परिवार ने सुरक्षा की मांग की
पीड़ित परिवार का कहना है कि लगातार हो रहे हमलों से उनके बच्चों की सुरक्षा खतरे में है। उनका आरोप है कि पिछले आठ वर्षों से उन्हें प्रताड़ित किया जा रहा है और अब वे प्रशासन से स्थायी सुरक्षा और न्याय की मांग कर रहे हैं।





































