BILASPUR NEWS. छत्तीसगढ़ के डीजी जेल हिमांशु गुप्ता ने बुधवार को केंद्रीय जेल बिलासपुर का आकस्मिक निरीक्षण कर जेल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने कैदियों के पुनर्वास, शिक्षा और बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं और विभिन्न संसाधनों की स्वीकृति प्रदान की।

निरीक्षण के दौरान डीजी जेल ने जेल उद्योग को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में कलर ऑफसेट प्रिंटिंग मशीन तथा एलईडी बल्ब और ट्यूबलाइट निर्माण के लिए मशीन सेटअप उपलब्ध कराने की मंजूरी दी। वहीं, कैदियों की पढ़ाई को तकनीक से जोड़ने के लिए जेल में स्मार्ट बोर्ड लगाने की भी स्वीकृति दी गई।

जेल पुस्तकालय को और समृद्ध बनाने के लिए टाइम्स ऑफ इंडिया, इंडियन एक्सप्रेस और हितवाद जैसे अंग्रेजी समाचार पत्र उपलब्ध कराने का निर्णय लिया गया। इसके अलावा कैदियों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के लिए 20 आरओ वाटर प्यूरीफायर, जेल पाकशाला के लिए ऑटोमेटिक रोटी मेकर मशीन, महिला जेल के लिए इन्वर्टर तथा कैदियों के उपयोग के लिए 2,000 स्टेनलेस स्टील थाली सेट स्वीकृत किए गए।

निरीक्षण के दौरान डीजी जेल हिमांशु गुप्ता कैदियों के बीच पहुंचे और उनकी अंग्रेजी की कक्षा भी ली। उन्होंने अंग्रेजी सीखने के आसान तरीके बताए और शिक्षा के माध्यम से जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए प्रेरित किया। साथ ही कैदियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनके शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए।

इस अवसर पर डीआईजी जेल एस.एस. तिग्गा, जेल अधीक्षक खोमेश मंडावी, जेल चिकित्सक सहित केंद्रीय जेल के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। डीजी जेल के इस दौरे को केंद्रीय जेल बिलासपुर में सुधार, आधुनिक सुविधाओं के विस्तार और कैदियों के पुनर्वास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।






































