ETAH NEWS. सावन माह में कांवड़ यात्रा के दौरान बढ़ने वाली भीड़ और यातायात के दबाव को देखते हुए एटा प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। जिले में 12वीं तक के सभी विद्यालय शनिवार और सोमवार को बंद रहेंगे। वहीं, सोरों और कछला घाट पर गंगाजल लेने आने वाले कांवड़ियों की भारी संख्या को देखते हुए शुक्रवार रात से विशेष ट्रैफिक डायवर्जन भी लागू कर दिया गया है।

प्रशासन के अनुसार, शहर में भारी वाहनों के प्रवेश पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है। साथ ही रोडवेज बसों का संचालन भी वैकल्पिक मार्गों से कराया जाएगा। यह डायवर्जन व्यवस्था सोमवार शाम 6 बजे तक प्रभावी रहेगी। इसके अलावा 7 से 11 अगस्त, 14 से 17 अगस्त और 21 से 24 अगस्त तक भी प्रत्येक शुक्रवार से सोमवार शाम तक यही व्यवस्था लागू रहेगी।

कई स्कूलों ने भी घोषित किया अवकाश
कांवड़ यात्रा के दौरान संभावित भीड़ और ट्रैफिक जाम को देखते हुए शहर के कई निजी और सरकारी स्कूलों ने भी छात्रों की सुरक्षा के मद्देनजर शनिवार और सोमवार को अवकाश घोषित कर दिया है।

इन मार्गों पर बदला ट्रैफिक प्लान
प्रशासन द्वारा जारी ट्रैफिक प्लान के अनुसार—
- अलीगढ़ और पिलुआ से मैनपुरी जाने वाले भारी वाहनों को एटा बाईपास से डायवर्ट किया जाएगा।
- अलीगढ़-पिलुआ से फिरोजाबाद जाने वाले वाहन मलावन, कुरावली, घिरोर और शिकोहाबाद होकर गुजरेंगे।
- एटा से बदायूं और बरेली जाने वाले भारी वाहनों को ओन घाट चौकी, सिढ़पुरा, गंजडुंडवारा और कादरगंज मार्ग से भेजा जाएगा।
- मैनपुरी से आने वाले भारी वाहनों को एटा बाईपास के जरिए अलीगढ़ की ओर रवाना किया जाएगा।
- कासगंज से फिरोजाबाद जाने वाले वाहन अमांपुर, एटा बाईपास, मलावन, कुरावली, घिरोर और शिकोहाबाद मार्ग से गुजरेंगे।
- शिकोहाबाद से एटा आने वाले सभी भारी, हल्के और आवश्यक वस्तुओं के वाहन घिरोर-मैनपुरी मार्ग से संचालित होंगे।
- टूंडला से आने वाले वाहन फिरोजाबाद, शिकोहाबाद, घिरोर, कुरावली, मलावन, एटा बाईपास, सिढ़पुरा और गंजडुंडवारा होते हुए बदायूं-बरेली जाएंगे
- एटा-कासगंज मार्ग को कांवड़ यात्रा के दौरान वन-वे घोषित किया गया है।

प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि यात्रा के दौरान जारी ट्रैफिक एडवाइजरी का पालन करें और वैकल्पिक मार्गों का उपयोग कर सहयोग करें।






































