EPFO UPDATE। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) ने अपने करीब 7 करोड़ खाताधारकों को बड़ी राहत दी है। अब पीएफ क्लेम सेटलमेंट के लिए 7 से 10 दिन तक इंतजार नहीं करना पड़ेगा। EPFO ने नई ऑटो-मोड क्लेम सेटलमेंट व्यवस्था लागू कर दी है, जिसके तहत पात्र आवेदनों का निपटारा अब महज 2 कार्य दिवस (48 घंटे) में किया जाएगा। कई मामलों में राशि 24 घंटे के भीतर भी खाताधारक के बैंक खाते में पहुंच सकती है।

AI और ऑटो सिस्टम से होगा क्लेम अप्रूव
EPFO ने अपने आईटी सिस्टम को अपग्रेड करते हुए क्लेम प्रक्रिया में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और एल्गोरिदम आधारित तकनीक को शामिल किया है। अब शिक्षा, बीमारी, विवाह और घर खरीदने जैसे अग्रिम पीएफ क्लेम बिना फील्ड ऑफिसर के मैनुअल वेरिफिकेशन के सीधे प्रोसेस किए जाएंगे। यदि आपका UAN आधार से लिंक है और बैंक खाते की सही जानकारी व पासबुक की स्पष्ट कॉपी पोर्टल पर अपलोड है, तो क्लेम का निपटारा 24 से 48 घंटे के भीतर किया जा सकता है।

पहले लगते थे कई दिन
अब तक पीएफ क्लेम को मंजूरी मिलने के लिए तीन स्तरों पर मैनुअल जांच होती थी। इसमें डीलिंग असिस्टेंट, सेक्शन सुपरवाइजर और अकाउंट्स ऑफिसर की स्वीकृति जरूरी होती थी। दस्तावेजों में छोटी-सी गलती या सर्वर संबंधी समस्या के कारण क्लेम सेटलमेंट में 20 से 30 दिन तक लग जाते थे। नई व्यवस्था में EPFO ने अपने सिस्टम को UIDAI और NPCI के सर्वर से जोड़ दिया है, जिससे आधार, केवाईसी और बैंक खाते का सत्यापन स्वतः हो जाता है।

कैसे काम करेगा नया सिस्टम?
आवेदन जमा होते ही सिस्टम आधार, बैंक खाता और KYC का मिलान करेगा। सभी जानकारियां सही मिलने पर क्लेम स्वतः मंजूर हो जाएगा और NPCI के माध्यम से NEFT के जरिए राशि सीधे लाभार्थी के बैंक खाते में भेज दी जाएगी।

48 घंटे में PF एडवांस निकालने का तरीका
- EPFO Member Unified Portal पर जाकर UAN और पासवर्ड से लॉगिन करें।
- Online Services में जाकर Claim (Form-31, 19, 10C & 10D) विकल्प चुनें।
- लिंक किए गए बैंक खाते के अंतिम चार अंक दर्ज कर सत्यापन करें।
- Form-31 (PF Advance) चुनें और निकासी का कारण (बीमारी, शादी, पढ़ाई आदि) दर्ज करें।
- निकासी की राशि भरें और कैंसिल चेक या बैंक दस्तावेज की स्कैन कॉपी अपलोड करें।
- आधार से जुड़े मोबाइल नंबर पर आए OTP को दर्ज कर आवेदन सबमिट करें।
आवेदन सफल होने के बाद EPFO की ओर से क्लेम सेटलमेंट का संदेश भेजा जाएगा और पात्र मामलों में 24 से 48 घंटे के भीतर राशि बैंक खाते में ट्रांसफर कर दी जाएगी।





































