JHASNI NEWS झांसी। उत्तर प्रदेश के झांसी जिले में एक 24 वर्षीय नवविवाहिता की मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका के मायके पक्ष ने पति, सास और अन्य ससुरालियों पर जहर देकर हत्या करने तथा दहेज के लिए प्रताड़ित करने का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

फरवरी 2024 में हुई थी शादी
जानकारी के अनुसार, नवाबाद थाना क्षेत्र की रहने वाली रूबी उर्फ रितु साहू (24) की शादी फरवरी 2024 में मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ निवासी मुकेश साहू से हुई थी। परिजनों का कहना है कि शादी के बाद से ही रितु को लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था।

छोटे कद और संतान न होने पर प्रताड़ना का आरोप
मृतका के परिजनों का आरोप है कि रितु का कद करीब साढ़े चार फुट था, जिसकी जानकारी शादी से पहले ही ससुराल पक्ष को दे दी गई थी। इसके बावजूद शादी के बाद उसकी सास कथित तौर पर छोटे कद और संतान न होने को लेकर ताने देती थी। इतना ही नहीं, उसे कई सामाजिक कार्यक्रमों में भी साथ नहीं ले जाया जाता था, जिससे वह मानसिक रूप से परेशान रहती थी।

दहेज और नौकरी को लेकर भी विवाद
परिजनों का आरोप है कि शादी के समय मुकेश को आढ़तिया (व्यापारी) बताया गया था, लेकिन बाद में पता चला कि वह निजी लोडिंग वाहन चलाता है। उनका कहना है कि शादी के बाद से ही दहेज को लेकर रितु पर दबाव बनाया जाता था। रितु ने अपनी नानी से अपनी परेशानियां साझा की थीं, हालांकि वह परिवार को चिंता में नहीं डालना चाहती थी, इसलिए ज्यादा जानकारी नहीं देती थी।

जहर देने का आरोप, अस्पताल ले जाने में हुई देरी
मायके पक्ष का आरोप है कि रितु को जहर दिए जाने के बाद ससुराल वाले उसे अलग-अलग अस्पतालों में ले जाते रहे और करीब 27 से 28 घंटे बाद झांसी मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। उनका यह भी कहना है कि परिवार को समय पर सही जानकारी नहीं दी गई और शुरुआत में बीमारी का हवाला दिया गया। बाद में डॉक्टरों ने कथित तौर पर शरीर में जहर होने की पुष्टि की। इलाज के दौरान रितु की मौत हो गई।

पुलिस जांच में जुटी
घटना के बाद मायके पक्ष की शिकायत पर पुलिस मामले की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, मेडिकल साक्ष्यों और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।





































