RAIPUR NEWS. राजधानी रायपुर में राजभवन घेराव और धरना-प्रदर्शन के मामले में पुलिस ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। सिविल लाइन थाना पुलिस ने शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने, शांति व्यवस्था भंग करने और आम रास्ता अवरुद्ध करने सहित भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, नीरज पांडे, अमित शर्मा, संस्कार पांडे, तारीख अनवर, कुणाल दुबे, प्रशांत गोस्वामी और रामायण सिंह समेत कई कांग्रेस कार्यकर्ताओं को नामजद आरोपी बनाया गया है। इनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 121(1), 126(2), 132, 191(2) और 221 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है।


दरअसल, मंगलवार शाम कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी की गिरफ्तारी के विरोध में राजभवन का घेराव कर धरना-प्रदर्शन किया था। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ता राजभवन के बाहर एकत्र हुए, जिसके चलते यातायात और कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की बात पुलिस ने कही है।

घटना के बाद सिविल लाइन थाना पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए एफआईआर दर्ज की है। पुलिस का कहना है कि पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।






































