BEMETARA NEWS. छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले में हुए सनसनीखेज अंधे कत्ल की गुत्थी पुलिस ने सुलझाने का दावा किया है। थाना चंदनू और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने इस मामले में गांव के ही एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, पुरानी रंजिश और कथित यौन अपराध के प्रयास के दौरान हुई वारदात के बाद आरोपी ने महिला की हत्या कर दी। इसके बाद उसने शव के साथ दुष्कर्म किया और पहचान छिपाने के उद्देश्य से शव के टुकड़े कर शिवनाथ नदी में फेंक दिया।

यह मामला थाना चंदनू क्षेत्र के सोनपुरी गांव का है। 7 जुलाई से लापता दुकलिहिन बाई का शव 9 जुलाई को ग्राम तुमा के पास शिवनाथ नदी में दो अलग-अलग गठरियों में मिला था। शव की स्थिति देखकर क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष जांच दल का गठन किया। जांच में फोरेंसिक विशेषज्ञ, डॉग स्क्वॉड और साइबर सेल की मदद ली गई, जबकि आरोपी की तलाश के लिए ड्रोन, नाव और सर्च लाइट का भी उपयोग किया गया।


पूछताछ में आरोपी ने कबूला जुर्म
पुलिस के अनुसार, तकनीकी साक्ष्यों और वैज्ञानिक जांच के आधार पर गांव के निवासी रामप्रसाद सोनवानी उर्फ बंगाली को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि उसने महिला के साथ जबरदस्ती करने की कोशिश की थी। विरोध करने पर उसने फावड़े से हमला कर महिला की हत्या कर दी। पुलिस का आरोप है कि हत्या के बाद आरोपी ने शव के साथ दुष्कर्म किया और सबूत मिटाने के लिए शव के हाथ-पैर काटकर दो गठरियों में बांधकर शिवनाथ नदी में फेंक दिया। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल फावड़ा, आरी और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य बरामद किए हैं।

पहले भी हत्या के मामले में हो चुका है दोषी
पुलिस के मुताबिक, आरोपी वर्ष 2017 में भी एक महिला की हत्या के मामले में सजा काट चुका है। फिलहाल उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर अदालत में पेश किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि इस जघन्य हत्याकांड का खुलासा थाना चंदनू, साइबर सेल और फोरेंसिक टीम की संयुक्त जांच के जरिए संभव हो सका।






































