DURG NEWS. दुर्ग-भिलाई के उच्च शिक्षा क्षेत्र के लिए एक बड़ी और सकारात्मक पहल के तहत शासकीय हेमचंद यादव विश्वविद्यालय (दुर्ग यूनिवर्सिटी) में पहली बार यूनिवर्सिटी टीचिंग डिपार्टमेंट (UTD) की शुरुआत होने जा रही है। इसके लिए शुक्रवार को एमएससी पाठ्यक्रमों में प्रवेश हेतु एंट्रेंस परीक्षा आयोजित की गई। परीक्षा के लिए सेक्टर-7 स्थित कल्याण स्नातकोत्तर महाविद्यालय को एकमात्र परीक्षा केंद्र बनाया गया था, जहां तीन शिफ्टों में शांतिपूर्ण ढंग से परीक्षा संपन्न हुई।

यूटीडी में विज्ञान संकाय के पांच विषयों—एमएससी गणित, बॉटनी, फिजिक्स, जूलॉजी और केमिस्ट्री—में प्रवेश के लिए स्नातक स्तर के विद्यार्थियों ने परीक्षा दी। विश्वविद्यालय द्वारा कुल 1,455 अभ्यर्थियों के बैठने की व्यवस्था की गई थी। इनमें से 768 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 683 उम्मीदवार अनुपस्थित रहे।

कल्याण कॉलेज के प्राचार्य डॉ. विनय शर्मा ने कहा कि विश्वविद्यालय में यूटीडी की शुरुआत पूरे अंचल के लिए गौरव और खुशी की बात है। उन्होंने कहा कि पहली बार आयोजित इस प्रवेश परीक्षा के लिए कल्याण कॉलेज को एकमात्र केंद्र बनाए जाने से संस्थान भी गौरवान्वित है।

परीक्षा के सफल संचालन के लिए कॉलेज का पूरा अमला सुबह से देर शाम तक मुस्तैदी से डटा रहा। वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. लखन चौधरी, डॉ. सलीम अकील, डॉ. सुधीर शर्मा, डॉ. ईश्वर सिंह बरगाह, डॉ. रवीश कुमार सोनी और डॉ. गुणवंत चंद्रौल के निर्देशन में वीक्षकों, कार्यालयीन कर्मचारियों और सहायक स्टाफ ने परीक्षा को व्यवस्थित एवं सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

यूटीडी की शुरुआत को विश्वविद्यालय के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है, जिससे क्षेत्र के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के बेहतर अवसर स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो सकेंगे।






































