KOLKATA NEWS. पश्चिम बंगाल के बहरामपुर में आज यानी 17 जुलाई को एक दर्दनाक रेल हादसे में स्कूल वैन ट्रेन की चपेट में आ गई। इस दुर्घटना में दो स्कूली बच्चों समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि कई बच्चे घायल हो गए। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां कुछ बच्चों की हालत गंभीर बताई जा रही है। यह हादसा बहरामपुर के गोविंदपुर इलाके में कर्ण सुबर्ण रेलवे स्टेशन के पास स्थित रेलवे क्रॉसिंग पर सुबह करीब 7 बजे हुआ।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, स्कूल वैन रेलवे फाटक पार कर रही थी, तभी कटवा की ओर से आ रही एक लोकल ट्रेन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। सूत्रों के मुताबिक, दुर्घटना के समय रेलवे क्रॉसिंग का फाटक खुला हुआ था। घटना के बाद रेलवे फाटक पर तैनात गेटमैन को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। हादसे के कारणों की विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है।

पूर्वी रेलवे के एक अधिकारी ने बताया कि दुर्घटना की जांच के लिए 10 सदस्यीय टीम घटनास्थल पर भेजी गई है। अधिकारी ने कहा कि शुरुआती जानकारी में रेलवे फाटक खुला होने की बात सामने आई है, हालांकि वास्तविक कारण जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगा।

दुर्घटना के बाद पूर्वी रेलवे के हावड़ा मंडल के अजीमगंज-कटवा रेलखंड पर ट्रेन परिचालन कुछ समय के लिए प्रभावित रहा। रेलवे अधिकारियों ने राहत एवं बचाव कार्य पूरा होने के बाद ट्रैक को सामान्य करने की प्रक्रिया शुरू की।

केंद्रीय मंत्री सुकांता मजूमदार ने हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति की मौत दुखद होती है, लेकिन मासूम बच्चों की जान जाना बेहद पीड़ादायक है। उन्होंने कहा कि इस घटना की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और उन्हें विश्वास है कि रेलवे पूरे मामले की गंभीरता से जांच करेगा।





































