JALAUN NEWS जालौन। उत्तर प्रदेश के जालौन जिले के कालपी कोतवाली क्षेत्र के ग्राम छौंक में गुरुवार सुबह एक युवती के मोबाइल टावर पर चढ़ जाने से हड़कंप मच गया। 22 वर्षीय युवती अपने प्रेमी से शादी कराने की मांग को लेकर करीब 100 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गई और नीचे उतरने से साफ इनकार कर दिया।

युवती ने कहा कि जब तक उसके प्रेमी को मौके पर बुलाकर शादी का भरोसा नहीं दिया जाएगा, तब तक वह टावर से नीचे नहीं उतरेगी। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस, प्रशासन और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। काफी देर तक अधिकारी और परिजन उसे समझाने का प्रयास करते रहे, लेकिन वह अपनी मांग पर अड़ी रही।

करीब पांच घंटे बाद युवती का प्रेमी मध्य प्रदेश के भिंड जिले से मौके पर पहुंचा। इसके बाद दोपहर करीब 12:30 बजे युवती टावर से नीचे उतरने के लिए तैयार हुई। पुलिस ने दोनों को अपनी अभिरक्षा में लेकर कालपी कोतवाली पहुंचाया, जहां दोनों पक्षों से बातचीत की गई।

2022 से चल रहा था प्रेम संबंध
युवती की पहचान ऊसरगांव निवासी मुस्कान (22) के रूप में हुई है। उसने बताया कि वह वर्ष 2022 से मध्य प्रदेश के भिंड जिले के लहार क्षेत्र निवासी भूपेन से प्रेम करती है। अब दोनों बालिग हैं और शादी करना चाहते हैं।

परिवार के विरोध के बाद उठाया कदम
बताया जा रहा है कि दोनों अलग-अलग जाति से संबंध रखते हैं। इसी कारण युवती के परिजनों ने शादी से इनकार कर दिया था। इससे नाराज होकर मुस्कान ने मोबाइल टावर पर चढ़कर विरोध दर्ज कराया। घटना के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए, जिससे वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

पुलिस ने कराया समझौता
कालपी कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक अजय ब्रह्म तिवारी ने बताया कि दोनों पक्षों को थाने बुलाकर बातचीत कराई गई। बातचीत के दौरान दोनों परिवार शादी के लिए सहमत हो गए, जिसके बाद मामला शांत हो गया।





































