RAIPUR NEWS. महादेव ऑनलाइन बेटिंग ऐप और उससे जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले की जांच में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने स्पोर्ट्स प्रेजेंटर और टीवी पर्सनैलिटी शेफाली बग्गा से रायपुर स्थित जोनल कार्यालय में करीब पांच घंटे तक पूछताछ की। जांच एजेंसी उनके कथित तौर पर ऑनलाइन बेटिंग ऐप्स के प्रचार, डिजिटल गतिविधियों और महादेव नेटवर्क से जुड़े आर्थिक संबंधों की पड़ताल कर रही है। पूछताछ के बाद बाहर निकलीं शेफाली बग्गा ने मीडिया से बातचीत में अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को निराधार बताया।

ईडी सूत्रों के मुताबिक, जांच के दौरान ऐसे डिजिटल साक्ष्य और ऑनलाइन प्रचार सामग्री मिली है, जिनमें शेफाली बग्गा कथित रूप से विदेशों, विशेषकर दुबई और लंदन से संचालित ऑनलाइन बेटिंग प्लेटफॉर्म का प्रचार करती दिखाई देती हैं। एजेंसी इन डिजिटल रिकॉर्ड्स की सत्यता और उनसे जुड़े आर्थिक पहलुओं की जांच कर रही है।

टेलीग्राम चैनल भी जांच के दायरे में
जांच एजेंसी का दावा है कि शेफाली बग्गा केवल प्रचार तक सीमित नहीं थीं, बल्कि कथित तौर पर खिलाड़ियों को बेटिंग से जुड़े सुझाव भी उपलब्ध कराती थीं। ईडी के अनुसार, उनके नाम से संचालित एक टेलीग्राम चैनल भी जांच के घेरे में है। आरोप है कि इस चैनल के जरिए अवैध ऑनलाइन बेटिंग से संबंधित प्रचार-प्रसार और टिप्स साझा किए जाते थे। अब एजेंसी इस चैनल के डिजिटल रिकॉर्ड और उससे जुड़े वित्तीय लेन-देन की भी जांच कर रही है।

हवाला ऑपरेटर से कथित संबंधों की पड़ताल
ईडी के अनुसार, महादेव ऑनलाइन बुक नेटवर्क से जुड़े कथित हवाला ऑपरेटर खंजन जगदीश कुमार ठक्कर की भूमिका पहले से जांच के दायरे में है। एजेंसी अब ठक्कर और शेफाली बग्गा के बीच कथित संपर्क, आर्थिक लेन-देन और अन्य संभावित संबंधों की भी जांच कर रही है।

कौन हैं शेफाली बग्गा?
शेफाली बग्गा स्पोर्ट्स एंकरिंग और डिजिटल मीडिया की चर्चित हस्तियों में शामिल हैं। उन्हें टीवी रियलिटी शो ‘बिग बॉस 13’ में बतौर प्रतिभागी भी पहचान मिली थी। इसके अलावा वे कई प्रमुख क्रिकेट टूर्नामेंटों की एंकरिंग कर चुकी हैं और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी उनकी अच्छी-खासी मौजूदगी है।






































