JALAUN NEWS जालौन। उत्तर प्रदेश के जालौन जिले से एक अंतरधार्मिक विवाह का मामला सामने आया है। यहां एक मुस्लिम युवती ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर दावा किया है कि उसने अपनी मर्जी से हिंदू युवक से हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार विवाह किया है। युवती ने कहा कि वह बालिग है और पिछले करीब सात वर्षों से युवक के साथ प्रेम संबंध में थी। अब उसने पुलिस-प्रशासन से अपनी और अपने पति की सुरक्षा की मांग की है। युवती का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
वीडियो में युवती ने बताया कि वह 7 जुलाई की रात करीब दो बजे अपने घर से अपनी इच्छा से निकली थी। उसका कहना है कि परिवार को पहले से उसके प्रेम संबंध की जानकारी थी, लेकिन परिजनों ने इस रिश्ते का विरोध किया और उसकी इच्छा के विरुद्ध कहीं और शादी कराने की तैयारी कर रहे थे।

युवती ने आरोप लगाया कि घर छोड़ने के बाद उसके परिजन उसके पति के खिलाफ अपहरण का झूठा मामला दर्ज कराने की कोशिश कर रहे हैं। उसने साफ कहा कि वह किसी के दबाव या बहकावे में नहीं, बल्कि अपनी मर्जी से अपने प्रेमी के साथ गई है।

जानकारी के अनुसार, युवती की पहचान कालपी कोतवाली क्षेत्र निवासी 21 वर्षीय काजल मंसूरी के रूप में हुई है। उसने दावा किया है कि उसने अपने प्रेमी ओम के साथ हिंदू रीति-रिवाज से विवाह कर लिया है। वीडियो में उसने पुलिस और प्रशासन से सुरक्षा की मांग करते हुए कहा कि यदि उसके या उसके पति के साथ कोई अप्रिय घटना होती है, तो इसके लिए उसके परिजन और संबंधित लोग जिम्मेदार होंगे।

युवती ने यह भी कहा कि वह पूरी तरह सुरक्षित है और अपनी इच्छा से अपने पति के साथ रह रही है। फिलहाल उसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोग इस पर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।
हालांकि, इस मामले में पुलिस की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। पुलिस वायरल वीडियो और मामले से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।





































