DHAMTARI NEWS. विदेशी फंडिंग से जुड़े संदिग्ध वित्तीय लेनदेन की जांच अब धमतरी जिले तक पहुंच गई है। करीब 90 करोड़ रुपये के संदिग्ध ट्रांजेक्शन की जांच कर रही एजेंसियों को धमतरी में एक नया सुराग मिला है। जिले के टिकरापारा स्थित AU स्मॉल फाइनेंस बैंक के एटीएम से विदेशी डेबिट कार्ड के जरिए लगभग 3.20 करोड़ रुपये की निकासी किए जाने का मामला सामने आया है। इस खुलासे के बाद जांच एजेंसी SIA ने मामले की जांच तेज कर दी है।

प्रारंभिक जांच के अनुसार, यह एटीएम सुन्दरगंज चर्च से करीब 15 से 20 मीटर की दूरी पर स्थित है। एजेंसी ने संबंधित बैंक से एटीएम के ट्रांजेक्शन रिकॉर्ड और सीसीटीवी फुटेज जब्त कर लिए हैं। जांच में पता चला है कि विदेशी डेबिट कार्ड का इस्तेमाल करते हुए करीब 3200 बार 10-10 हजार रुपये की निकासी की गई, जिससे कुल राशि लगभग 3.20 करोड़ रुपये तक पहुंच गई।


जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि इन संदिग्ध लेनदेन के पीछे कौन लोग शामिल हैं और कथित विदेशी फंडिंग का इस्तेमाल किन गतिविधियों में किया गया।

संदिग्ध फरार, तलाश जारी
सूत्रों के मुताबिक, कार्रवाई के दौरान संदिग्ध व्यक्ति मौके से फरार हो गया। उसकी तलाश जारी है। जांच एजेंसियां इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका और लेनदेन की कड़ियों को भी खंगाल रही हैं। फिलहाल मामले में जांच जारी है और एजेंसियों की ओर से आधिकारिक रूप से विस्तृत जानकारी साझा नहीं की गई है। जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक तस्वीर सामने आने की संभावना है।






































