BILASPUR NEWS. छत्तीसगढ़ के बिलासपुर रेलवे स्टेशन के समीप शनिवार को एक बड़ा रेल हादसा टल गया। शंकर नगर आरओबी के नीचे कोरबा की ओर जा रही खाली मालगाड़ी का एक वैगन अचानक डाउन लाइन पर पटरी से उतर गया। गनीमत रही कि उस समय ट्रेन की गति बेहद धीमी थी, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई और स्थिति गंभीर होने से बच गई।

घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे के इंजीनियरिंग और तकनीकी विभाग की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं। अधिकारियों ने पटरी से उतरे वैगन को दोबारा ट्रैक पर लाने और रेल मार्ग को जल्द से जल्द बहाल करने का काम शुरू किया।

एहतियात के तौर पर डाउन लाइन पर ट्रेनों की आवाजाही नियंत्रित की गई, जिसके चलते कुछ ट्रेनों के परिचालन पर सीमित असर पड़ा। रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, वैगन के बेपटरी होने के कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत तकनीकी जांच शुरू कर दी गई है।

जांच के दौरान ट्रैक की स्थिति, वैगन की तकनीकी स्थिति और अन्य संबंधित पहलुओं की बारीकी से पड़ताल की जा रही है। रेलवे प्रशासन का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही घटना की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

यदि किसी तरह की तकनीकी खामी या लापरवाही सामने आती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया है कि आवश्यक मरम्मत और सुरक्षा जांच पूरी होने के बाद रेल यातायात पूरी तरह सामान्य कर दिया जाएगा।






































