RAIPUR NEWS. दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रायपुर मंडल द्वारा भाटापारा रेलवे स्टेशन पर किलाबंदी टिकट चेकिंग (Fortress Check) अभियान चलाया गया। 17 सितंबर को आयोजित इस अभियान में स्टेशन के सभी प्लेटफॉर्म और 14 ट्रेनों में टिकट जांच की गई। इस दौरान कुल 316 मामले दर्ज किए गए, जिनसे रेलवे को 2 लाख 49 हजार 275 रुपये राजस्व प्राप्त हुआ।

बिना टिकट यात्रा के 202 मामले
अभियान के दौरान बिना टिकट यात्रा करने वाले 202 यात्रियों को पकड़ा गया। इन मामलों से रेलवे को 1 लाख 89 हजार 800 रुपये राजस्व प्राप्त हुआ। वहीं, अनियमित टिकट के साथ यात्रा करने वाले 71 यात्रियों से 50 हजार 775 रुपये वसूले गए।
इसके अलावा अधिक सामान लेकर यात्रा करने वाले 41 यात्रियों से 4 हजार 700 रुपये और 2 अनधिकृत वेंडरों से 4 हजार रुपये राजस्व प्राप्त हुआ।

टिकट लेने के प्रति जागरूक करना अभियान का उद्देश्य
रेल प्रशासन के अनुसार, किलाबंदी टिकट चेकिंग अभियान का मुख्य उद्देश्य यात्रियों को उचित टिकट लेकर यात्रा करने के प्रति जागरूक करना है। यात्रियों को सही टिकट और सही श्रेणी के कोच में यात्रा करने के लिए भी लगातार समझाइश दी जा रही है।
अभियान में सहायक वाणिज्य प्रबंधक अविनाश कुमार आनंद, दो वाणिज्य निरीक्षक, 25 टिकट चेकिंग स्टाफ और चार आरपीएफ कर्मचारी शामिल रहे।

यात्रियों से सहयोग की अपील
रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले उचित टिकट अवश्य लें। रेल परिसर में प्रवेश करने से पहले प्लेटफॉर्म टिकट लेने की भी अपील की गई है। साथ ही यात्रियों से रेलवे परिसर और ट्रेनों को साफ-सुथरा रखने में सहयोग करने का आग्रह किया गया है।

रायपुर मंडल के वाणिज्य विभाग द्वारा समय-समय पर इस तरह के टिकट चेकिंग अभियान चलाए जा रहे हैं। रेलवे का कहना है कि इन अभियानों के माध्यम से यात्रियों को नियमों के पालन और उचित टिकट के साथ यात्रा करने के लिए लगातार जागरूक किया जा रहा है।





































