ALIGARH NEWS : अलीगढ़। उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले में एक शादी समारोह उस समय रणक्षेत्र में बदल गया, जब दूल्हे को अपने पिता के साथ कथित अभद्रता और मारपीट की सूचना मिली। आरोप है कि गुस्से में दूल्हा बग्घी से उतर गया, तलवार लेकर गार्डन में घुसा और दुल्हन पक्ष के लोगों पर हमला कर दिया। घटना में दुल्हन के भाई समेत दो लोग घायल हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।

बारात पहुंचते ही हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार, रायपुर खास (थाना पालीमुकीमपुर) निवासी जयवीर की शादी छर्रा के संजय नगर निवासी युवती से तय हुई थी। सोमवार शाम दूल्हा बारात लेकर एमआर गार्डन पहुंचा। बारात के स्वागत और भोजन के दौरान अचानक किसी ने दूल्हे को बताया कि उसके पिता के साथ दुल्हन पक्ष के लोगों ने अभद्रता और मारपीट की है।

तलवार लेकर गार्डन में घुसा दूल्हा
यह सुनते ही दूल्हा गुस्से में बग्घी से उतर गया, अपना सेहरा सड़क पर फेंक दिया और हाथ में तलवार लेकर गार्डन के अंदर पहुंच गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, उसने दुल्हन पक्ष के लोगों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। तलवार देखकर समारोह में मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।

दुल्हन का भाई घायल, दूल्हा फरार
मारपीट में दुल्हन के भाई मनवीर समेत दो लोग घायल हो गए, जिन्हें पुलिस ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। घटना के समय दुल्हन पार्लर में थी। जानकारी मिलते ही उसने पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी दूल्हा मौके से फरार हो गया। उसके बाद बाराती भी एक-एक कर वहां से चले गए।

पुलिस जांच में जुटी
छर्रा थाना प्रभारी अंकित सिंह ने बताया कि शादी समारोह के दौरान दूल्हा और दुल्हन पक्ष के बीच विवाद हुआ था। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया। फिलहाल किसी भी पक्ष से मिली तहरीर के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।






































