रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने गुरुवार को प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल करते हुए 5 IAS अधिकारियों के प्रभार में बदलाव किया है। इस तबादला सूची में सबसे बड़ा बदलाव गौरेला-पेंड्रा-मारवाही (GPM) के कलेक्टर संतोष कुमार देवांगन का हुआ है। महज दो महीने पहले जिले की जिम्मेदारी संभालने वाले देवांगन को कलेक्टर पद से हटाकर मंत्रालय में विशेष सचिव, स्कूल शिक्षा विभाग नियुक्त किया गया है।

उनकी जगह विजय दयाराम के., संचालक तकनीकी शिक्षा, रोजगार एवं प्रशिक्षण, को GPM का नया कलेक्टर बनाया गया है।

सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार, हेमंत रमेश नंदनवार को तकनीकी शिक्षा, रोजगार एवं प्रशिक्षण विभाग का संचालक बनाया गया है। साथ ही उन्हें छत्तीसगढ़ राज्य कौशल विकास प्राधिकरण के प्रबंध संचालक (MD) का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।

वहीं, सुमित अग्रवाल को दुर्ग नगर निगम आयुक्त के पद से स्थानांतरित कर छत्तीसगढ़ राज्य शहरी विकास अभिकरण (SUDA) का मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) बनाया गया है। अनुपमा आनंद को सरायपाली एसडीएम से पदोन्नत कर जिला पंचायत महासमुंद का CEO नियुक्त किया गया है।









































