JALAUN NEWS: जालौन। उत्तर प्रदेश के जालौन जिले में एक युवती ने यूपी पुलिस के सिपाही पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

शादी का वादा कर बनाए संबंध
जानकारी के मुताबिक, कालपी कोतवाली क्षेत्र के शेखपुर गुढ़ा गांव निवासी अंकित निषाद करीब एक वर्ष पहले उत्तर प्रदेश पुलिस में सिपाही के पद पर भर्ती हुआ था। प्रशिक्षण पूरा होने के बाद उसकी तैनाती हरदोई जिले की सदर कोतवाली में हुई। पीड़िता का आरोप है कि नौकरी लगने से पहले दोनों के बीच प्रेम संबंध थे और आरोपी ने शादी का वादा कर कई बार शारीरिक संबंध बनाए।

मंगनी के बाद फिर बिगड़ा मामला
युवती का आरोप है कि नौकरी मिलने के बाद आरोपी ने शादी से इनकार कर दिया। शिकायत के बाद दोनों पक्षों के बीच समझौते की कोशिश हुई, जिसके तहत दोनों की मंगनी भी हुई और 22 नवंबर को शादी की तारीख तय की गई। हालांकि बाद में विवाद दोबारा बढ़ गया, जिसके बाद युवती ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

सिपाही के खिलाफ केस दर्ज
कालपी कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अजय ब्रह्म तिवारी ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर आरोपी सिपाही के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।







































