JANJGIR CHAMPA NEWS. नवागढ़ विकासखंड के ग्राम बोड़सरा स्थित शासकीय प्राथमिक विद्यालय में आपत्तिजनक हरकत के वायरल वीडियो मामले में जिला शिक्षा अधिकारी ने संबंधित सहायक शिक्षक और शिक्षिका को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। दोनों के खिलाफ यह कार्रवाई जांच में प्रथम दृष्टया मामला सामने आने के बाद की गई।


जानकारी के अनुसार, 21 जून 2026 को सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें विद्यालय के एक कक्ष में एक युवक और युवती आपत्तिजनक स्थिति में दिखाई दे रहे थे। वीडियो सामने आने के बाद शिक्षा विभाग ने मामले की जांच कराई। जांच के आधार पर जिला शिक्षा अधिकारी ने आदेश क्रमांक 3516/शिका./जांच/2026, दिनांक 17 जुलाई 2026 जारी कर संबंधित सहायक शिक्षक एवं शिक्षिका, शासकीय प्राथमिक शाला खैरवार पारा, बोड़सरा को छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम, 1966 के तहत तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।

निलंबन अवधि के दौरान दोनों का मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय, अकलतरा निर्धारित किया गया है। विभागीय जांच पूरी होने तक दोनों निलंबित रहेंगे।

उल्लेखनीय है कि वीडियो वायरल होने के बाद मामले को लेकर क्षेत्र में काफी चर्चा रही थी और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठ रही थी। जांच पूरी होने के बाद शिक्षा विभाग ने यह अनुशासनात्मक कार्रवाई की है।







































