BOLLYWOOD NEWS. बॉलीवुड के ‘मिस्टर परफेक्शनिस्ट’ आमिर खान एक बार फिर अपनी निजी जिंदगी को लेकर सुर्खियों में हैं। चर्चा है कि अभिनेता 5 जुलाई को अपनी गर्लफ्रेंड गौरी स्प्रैट के साथ शादी के बंधन में बंध सकते हैं। हालांकि, इस शादी को लेकर अब तक आमिर या उनकी टीम की ओर से कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है, लेकिन सूत्रों के हवाले से कई अहम जानकारियां सामने आई हैं।

सूत्रों के मुताबिक, आमिर खान और गौरी स्प्रैट की शादी किसी आलीशान होटल या बड़े वेडिंग वेन्यू में नहीं, बल्कि मुंबई स्थित अभिनेता के घर पर होगी। बताया जा रहा है कि दोनों पारंपरिक भव्य समारोह के बजाय रजिस्टर्ड मैरिज करेंगे। शादी की औपचारिकताएं दिन के पहले हिस्से में पूरी होने की संभावना है, जिसमें परिवार और बेहद करीबी लोग ही मौजूद रहेंगे।

100 से 150 मेहमानों को बुलाने की तैयारी
जानकारी के अनुसार, इस निजी समारोह में देश के अलग-अलग हिस्सों से करीब 100 से 150 मेहमानों को आमंत्रित किया गया है। सूत्रों का दावा है कि आमिर और गौरी ने कई करीबी लोगों को खुद जाकर शादी का न्योता दिया है। वहीं, फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े लोगों को इस समारोह में आमंत्रित नहीं किए जाने की भी चर्चा है। आमिर खान के तीनों बच्चों के भी इस खास मौके पर मौजूद रहने की संभावना जताई जा रही है।

कौन हैं गौरी स्प्रैट?
गौरी स्प्रैट बेंगलुरु की रहने वाली हैं। उन्होंने यूनिवर्सिटी ऑफ द आर्ट्स, लंदन से पढ़ाई की है। फैशन और एंटरप्रेन्योरशिप से जुड़ी पृष्ठभूमि रखने वाली गौरी फिलहाल आमिर खान प्रोडक्शंस के प्रोडक्शन विंग के साथ काम कर रही हैं।

पहले दो शादी कर चुके हैं शादी
अगर यह शादी होती है तो यह आमिर खान का तीसरा विवाह होगा। उनकी पहली शादी वर्ष 1986 में रीना दत्ता से हुई थी, जिनसे 2002 में उनका तलाक हो गया। इस शादी से उनके दो बच्चे इरा खान और जुनैद खान हैं। इसके बाद आमिर ने 2005 में फिल्म निर्माता किरण राव से शादी की थी। दोनों ने 2021 में अलग होने का फैसला किया। इस रिश्ते से उनका एक बेटा आजाद राव खान है।






































