JOB NEWS. सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे 12वीं पास युवाओं के लिए अच्छी खबर है। छत्तीसगढ़ राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण और उसके अधीनस्थ कार्यालयों में सहायक ग्रेड-3/प्रोसेस राइटर के 54 पदों पर सीधी भर्ती की जाएगी। भर्ती प्रक्रिया का जिम्मा छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल (सीजी व्यापम) को सौंपा गया है। संभावित वार्षिक परीक्षा कैलेंडर के अनुसार लिखित परीक्षा 6 सितंबर 2026 को आयोजित की जा सकती है।

जारी रोस्टर के अनुसार कुल 54 पदों में 24 पद अनारक्षित, 15 अनुसूचित जनजाति (एसटी), 7 अनुसूचित जाति (एससी) और 8 अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के लिए आरक्षित हैं। इसके अलावा स्थानीय महिला अभ्यर्थियों, भूतपूर्व सैनिकों और दिव्यांग अभ्यर्थियों को नियमानुसार क्षैतिज आरक्षण का लाभ मिलेगा। आवेदन करने वाले अभ्यर्थी का किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से 12वीं उत्तीर्ण होना अनिवार्य है।

इसके साथ ही किसी मान्यता प्राप्त संस्थान से प्रोग्रामिंग या डाटा एंट्री ऑपरेटर में कम से कम एक वर्षीय डिप्लोमा होना चाहिए। हिंदी या अंग्रेजी में 5,000 की-डिप्रेशन प्रति घंटे की टाइपिंग स्पीड का प्रमाण-पत्र भी आवश्यक होगा। भर्ती प्रक्रिया दो चरणों में पूरी की जाएगी। पहले चरण में सीजी व्यापम वस्तुनिष्ठ लिखित परीक्षा आयोजित करेगा।

लिखित परीक्षा के आधार पर रिक्त पदों के पांच गुना अभ्यर्थियों को हिंदी टाइपिंग कौशल परीक्षा के लिए बुलाया जाएगा। टाइपिंग परीक्षा केवल क्वालिफाइंग होगी, जबकि अंतिम चयन और मेरिट सूची लिखित परीक्षा में प्राप्त अंकों के आधार पर तैयार की जाएगी।

इन अभ्यर्थियों को नहीं मिलेगी पात्रता
प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि महिलाओं के विरुद्ध अपराध में दोषसिद्ध अभ्यर्थी इस भर्ती प्रक्रिया के लिए पात्र नहीं होंगे। भर्ती से जुड़ी विस्तृत जानकारी और आगे की प्रक्रिया सीजी व्यापम की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध कराई जाएगी।






































