GWALIOR NEWS : ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले के डबरा क्षेत्र में घरेलू विवाद के दौरान एक महिला ने अपने पति और ससुर पर खौलता पानी फेंक दिया। घटना में पति गंभीर रूप से झुलस गया, जबकि बीच-बचाव करने आए ससुर भी घायल हो गए। दोनों का अस्पताल में इलाज जारी है। घटना के बाद महिला अपने मायके वालों के साथ घर से फरार हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पति-पत्नी के बीच हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार, डबरा के पिछोर क्षेत्र निवासी भूपेंद्र कुशवाहा की शादी करीब 14 साल पहले केशकली कुशवाहा से हुई थी। बताया जा रहा है कि पति शराब पीने का आदी था, जिसे लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। 27 जून की शाम भी इसी बात पर दोनों में कहासुनी हो गई।

खौलता पानी फेंककर किया हमला
विवाद के दौरान रसोई में दाल के लिए गर्म किया जा रहा खौलता पानी महिला ने पति पर फेंक दिया। इससे भूपेंद्र के पैर और गुप्तांग गंभीर रूप से झुलस गए। शोर सुनकर बीच-बचाव करने पहुंचे ससुर मन्नू कुशवाहा पर भी महिला ने गर्म पानी फेंक दिया, जिससे उनके पैर भी झुलस गए।

घायलों का अस्पताल में इलाज
घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को डबरा सिविल अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज जारी है।
दोनों पक्षों ने लगाए अलग-अलग आरोप
पति भूपेंद्र का आरोप है कि पत्नी अपने मायके वालों के साथ घर में रखे सोने-चांदी के गहने और नकदी लेकर फरार हो गई। वहीं महिला पक्ष का कहना है कि भूपेंद्र आए दिन शराब के नशे में पत्नी के साथ मारपीट करता था। लगातार प्रताड़ना से परेशान होकर महिला ने अपने मायके वालों को बुलाया था, जिसके बाद विवाद बढ़ गया।

पुलिस कर रही जांच
पुलिस ने दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर लिए हैं। अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।






































