RAMPUR NEWS. उत्तर प्रदेश के रामपुर से प्रेम विवाह और धर्म परिवर्तन से जुड़ा एक मामला सामने आया है। छत्तीसगढ़ की रहने वाली एक मुस्लिम युवती ने सनातन धर्म अपनाने के बाद अपने हिंदू प्रेमी से विवाह कर लिया। शादी के बाद दोनों का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

जानकारी के मुताबिक, रामपुर निवासी जोगेंद्र सैनी और छत्तीसगढ़ की अलीशा खातून एक-दूसरे से प्रेम करते थे और विवाह करना चाहते थे। दोनों के रामपुर पहुंचने के बाद हिंदू संगठन की मदद से वैदिक रीति-रिवाज से शादी कराई गई। बताया जा रहा है कि विवाह से पहले अलीशा ने धर्म परिवर्तन किया, जिसके बाद उसका नया नाम अदिति रखा गया।

इधर, छत्तीसगढ़ के भिलाई में अलीशा की गुमशुदगी की रिपोर्ट पहले से दर्ज है। युवती की तलाश में भिलाई पुलिस उसके परिजनों के साथ रामपुर पहुंची। इस दौरान हिंदू संगठन के प्रतिनिधि भी मौके पर मौजूद रहे।

पुलिस के अनुसार, अलीशा ने रामपुर पुलिस के समक्ष स्पष्ट रूप से अपने पति जोगेंद्र सैनी के साथ रहने की इच्छा जताई। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पुलिस ने उसे उसकी इच्छा के अनुसार जोगेंद्र के साथ जाने की अनुमति दे दी।

फिलहाल यह मामला सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। वहीं, पुलिस अपने स्तर पर संबंधित कानूनी औपचारिकताओं और मामले की जांच कर रही है।






































