RAIPUR NEWS. छत्तीसगढ़ की राजनीति में जल्द ही बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सरकार और भारतीय जनता पार्टी के संगठन में व्यापक फेरबदल की चर्चाएं तेज हो गई हैं। विश्वसनीय सूत्रों के मुताबिक, सरकार और संगठन के बीच बेहतर तालमेल, क्षेत्रीय व सामाजिक संतुलन तथा मंत्रियों के प्रदर्शन को ध्यान में रखते हुए साय मंत्रिमंडल में बड़े बदलाव की तैयारी चल रही है। माना जा रहा है कि कुछ मौजूदा मंत्रियों की छुट्टी हो सकती है, जबकि कई नए चेहरों को कैबिनेट में जगह मिल सकती है।

इसी बीच जुलाई के पहले सप्ताह में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन द्वारा नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी की घोषणा किए जाने की संभावना है। इससे ठीक पहले प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल का अचानक दिल्ली पहुंचना राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का केंद्र बन गया है।

राष्ट्रीय संगठन में बढ़ सकता है छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व
सूत्रों के अनुसार भाजपा की नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी में छत्तीसगढ़ से उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा और पूर्व विधायक सौरभ सिंह को महत्वपूर्ण संगठनात्मक जिम्मेदारी मिल सकती है। यदि ऐसा होता है तो प्रदेश में सत्ता और संगठन, दोनों स्तरों पर नए समीकरण बन सकते हैं।

कैबिनेट में इन बदलावों की चर्चा
राजनीतिक गलियारों में चल रही चर्चाओं के अनुसार उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा को राष्ट्रीय संगठन में जिम्मेदारी मिलने की स्थिति में दुर्ग संभाग से भावना बोहरा को मंत्रिमंडल में शामिल किया जा सकता है। वहीं भाजपा प्रदेशाध्यक्ष किरण देव को भी कैबिनेट में जगह मिलने की अटकलें हैं।

इसी तरह मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े के स्थान पर लता उसेंडी को मंत्रिमंडल में शामिल किए जाने की चर्चा है। बिलासपुर और रायपुर संभाग से जुड़े मंत्रियों में भी बदलाव की संभावना जताई जा रही है। लखन लाल देवांगन और टंकराम वर्मा की जगह सुशांत शुक्ला, अजय चंद्राकर या राजेश मूणत जैसे अनुभवी नेताओं के नाम चर्चा में हैं।

दिल्ली दौरे ने बढ़ाई सियासी हलचल
इन तमाम अटकलों के बीच स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल का अचानक दिल्ली दौरा कई राजनीतिक संकेत दे रहा है। हालांकि सरकार या भाजपा संगठन की ओर से अभी तक किसी भी संभावित फेरबदल की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। ऐसे में सभी चर्चाएं फिलहाल राजनीतिक सूत्रों और कयासों पर आधारित हैं, लेकिन आने वाले दिनों में छत्तीसगढ़ भाजपा और साय सरकार में बड़े बदलाव की तस्वीर साफ हो सकती है।





































