KORBA NEWS. कोरबा जिले में शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म किए जाने का मामला सामने आया है। आरोपी की गिरफ्तारी में देरी से नाराज पीड़िता ने अपने परिजनों के साथ पुलिस अधीक्षक (एसपी) कार्यालय पहुंचकर शीघ्र कार्रवाई की मांग की है।

पीड़िता के अनुसार उसकी पहचान निखिल रजक नामक युवक से एक सहेली के माध्यम से हुई थी। दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई, जिसके बाद आरोपी ने शादी का वादा कर उसके साथ संबंध बनाए। युवती का आरोप है कि एक दिन आरोपी उसे अपने परिजनों से मिलाने के बहाने घर ले गया, जहां घर में कोई मौजूद नहीं था। इसी दौरान उसने जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाए और बाद में शादी करने का आश्वासन देता रहा।

पीड़िता का कहना है कि आरोपी लंबे समय तक शादी का भरोसा देकर उसका शारीरिक शोषण करता रहा, लेकिन जब उसने विवाह की बात की तो आरोपी अपने वादे से मुकर गया। युवती ने यह भी आरोप लगाया है कि आरोपी ने उसके साथ जातिसूचक शब्दों का प्रयोग कर अपमानित किया।

मामले की शिकायत महिला थाना और दर्री थाना में दर्ज कराई गई है। पीड़िता का आरोप है कि शिकायत के बावजूद अब तक आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। उसने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि उसे केवल आश्वासन दिया जा रहा है, जबकि मामले में ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही।

दर्री थाना पुलिस के रवैये से असंतुष्ट पीड़िता ने एसपी कार्यालय पहुंचकर आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी और मामले में लापरवाही बरतने वाले जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।






































