KORIYA NEWS. छत्तीसगढ़ विधानसभा के आगामी मानसून सत्र को लेकर कोरिया जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। विधानसभा में जिले से जुड़े प्रश्नों के समयबद्ध और तथ्यात्मक जवाब सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी संतन देवी जांगड़े ने महत्वपूर्ण आदेश जारी किया है।

आदेश के तहत 13 जुलाई से 17 जुलाई 2026 तक आयोजित होने वाले विधानसभा मानसून सत्र के दौरान जिले के सभी शासकीय अधिकारियों और कर्मचारियों के सभी प्रकार के अवकाश पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी गई है। साथ ही सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अपने-अपने मुख्यालय में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं।


कलेक्टर ने स्पष्ट किया है कि यदि किसी अधिकारी या कर्मचारी को अत्यंत आवश्यक अथवा अपरिहार्य कारणों से अवकाश लेना हो या मुख्यालय छोड़ना हो, तो इसके लिए संबंधित कार्यालय प्रमुख की पूर्व स्वीकृति अनिवार्य होगी। लिखित अनुमति प्राप्त किए बिना कोई भी अधिकारी या कर्मचारी मुख्यालय नहीं छोड़ सकेगा।

जिला प्रशासन का कहना है कि विधानसभा सत्र के दौरान शासन स्तर पर मांगी जाने वाली जानकारी का समय-सीमा के भीतर सटीक और प्रमाणिक उत्तर उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी को ध्यान में रखते हुए सभी विभागों को आवश्यक तैयारियां पूरी करने और आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं। कलेक्टर द्वारा जारी यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।






































