MOHLA MANPUR NEWS. छत्तीसगढ़ के मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हिट एंड रन की घटना ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। गुंडरदेही गांव के पास सड़क किनारे खेल रहे 10 वर्षीय मासूम को तेज रफ्तार ट्रक ने कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर फरार हो गया, लेकिन पुलिस ने कई किलोमीटर तक पीछा कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने आरोपी को पकड़ने के लिए मोहला थाना क्षेत्र में नाकेबंदी की, लेकिन ट्रक चालक बैरिकेड्स तोड़कर भाग निकला। इसके बाद मानपुर थाना के सामने दूसरी बार घेराबंदी की गई, जहां चालक ने पुलिसकर्मियों को भी कुचलने की कोशिश करते हुए दूसरी नाकेबंदी भी तोड़ दी। इस दौरान कई पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए और हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

हाईवे पर घेराबंदी, गड्ढे में उतरा ट्रक
पुलिस की अलग-अलग टीमों ने लगातार पीछा जारी रखा। आखिरकार मानपुर और कोहका थाना क्षेत्र के बीच कोरकोट्टी गांव के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर ट्रक को चारों ओर से घेर लिया गया। बचने की कोशिश में चालक ने ट्रक मोड़ा, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में उतर गया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया। हादसे में चालक भी घायल हुआ, जिसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।

नशे के एंगल पर भी जांच
पुलिस यह भी जांच कर रही है कि हादसे के समय चालक नशे की हालत में था या नहीं। उसका मेडिकल परीक्षण कराया गया है। आरोपी के खिलाफ हिट एंड रन, लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने तथा अन्य गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

मासूम की मौत पर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा
दूसरी ओर, हादसे से आक्रोशित ग्रामीणों ने बच्चे का शव सड़क पर रखकर चक्काजाम कर दिया। ग्रामीणों ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग की। प्रशासन और पुलिस अधिकारियों के समझाने के बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ तथा शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा गया।






































