RAIPUR NEWS. छत्तीसगढ़ सरकार ने राज्य के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी बीएन मीणा (बद्रीनारायण मीणा) को बस्तर का नया पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) नियुक्त किया है। बस्तर जैसे संवेदनशील और रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण क्षेत्र की जिम्मेदारी उन्हें ऐसे समय में सौंपी गई है, जब पूर्व आईजी सुंदरराज केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर जा चुके हैं। वर्तमान में बीएन मीणा पुलिस मुख्यालय (पीएचक्यू), नवा रायपुर में आईजी (प्रशासन एवं चयन) के पद पर कार्यरत हैं।

मीणा को लंबे प्रशासनिक और फील्ड अनुभव के आधार पर बस्तर रेंज की कमान दी गई है। वर्ष 2004 बैच के भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) अधिकारी बीएन मीणा छत्तीसगढ़ में विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर सेवाएं दे चुके हैं। वे रायपुर, रायगढ़, बिलासपुर और दुर्ग जैसे प्रमुख जिलों में पुलिस अधीक्षक (एसपी) रह चुके हैं। फील्ड पुलिसिंग और प्रशासनिक कार्यों का उनका अनुभव उन्हें राज्य के अनुभवी अधिकारियों में शामिल करता है।

अप्रैल 2022 में बीएन मीणा को पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) पद पर पदोन्नत किया गया था। इसके बाद उन्होंने दुर्ग रेंज आईजी के रूप में कार्य किया। बाद में उन्हें रायपुर रेंज आईजी की अतिरिक्त तथा पूर्णकालिक जिम्मेदारी भी सौंपी गई। इसके अलावा वे बिलासपुर रेंज आईजी का दायित्व भी संभाल चुके हैं।

बस्तर में अनुभव का मिलेगा लाभ
बस्तर क्षेत्र सुरक्षा और विकास दोनों दृष्टि से राज्य के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है। ऐसे में सरकार ने व्यापक फील्ड अनुभव और प्रशासनिक क्षमता वाले अधिकारी बीएन मीणा पर भरोसा जताते हुए उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी है। माना जा रहा है कि उनके नेतृत्व में बस्तर में सुरक्षा अभियानों और पुलिस व्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी।

जानिए कौन हैं बद्रीनारायण मीणा
बद्रीनारायण मीणा छत्तीसगढ़ कैडर के 2004 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं। उनका मूल निवास राजस्थान के जयपुर जिले में है। उनके पिता जनगणना विभाग में कार्यरत थे। मीणा ने अपनी प्रारंभिक और उच्च शिक्षा जयपुर में पूरी की। उन्होंने सनफ्लावर पब्लिक स्कूल से दसवीं, राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पोद्दार से बारहवीं तथा राजस्थान कॉलेज, जयपुर से वर्ष 2000 में बीए की डिग्री प्राप्त की। यूपीएससी की तैयारी के दौरान उन्होंने पहली बार वर्ष 2001 में परीक्षा दी और बाद में आईपीएस बने। उनके भाई श्रवण मीणा भी आईपीएस अधिकारी रहे, जिन्होंने बाद में आईआरएस सेवा जॉइन की।






































