RAIPUR NEWS. स्वतंत्रता दिवस के मौके पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने छत्तीसगढ़ में शिक्षा, रोजगार, आवास, AI, स्वास्थ्य, उद्योग और बुनियादी ढांचे से जुड़ी कई योजनाओं और घोषणाओं की जानकारी दी। सरकार के अनुसार प्रदेश में अब तक 24 लाख 50 हजार आवास स्वीकृत किए जा चुके हैं। वहीं 3,946 शिक्षक एवं सहायक शिक्षक पदों और बिजली कंपनियों में 1,235 पदों पर भर्ती प्रक्रिया आगे बढ़ रही है। स्वतंत्रता दिवस पर सरकार ने ‘मेरी बेटी-मेरा अभिमान’ अभियान शुरू करने की घोषणा की है। इसके तहत प्रदेश के 6,671 शासकीय विद्यालयों में बेटियों के लिए शौचालय बनाए जाएंगे।

राज्य सरकार ने 500 करोड़ रुपए के छत्तीसगढ़ राज्य AI मिशन को मंजूरी दी है। इसके तहत 100 AI डेटा लैब, 5 सेंटर ऑफ एक्सीलेंस और 50 से अधिक AI आधारित सेवाएं विकसित करने की योजना है। सरकार के मुताबिक 6 लाख विद्यार्थियों और 1.50 लाख शासकीय कर्मचारियों को AI का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके अलावा छत्तीसगढ़ स्टार्टअप प्रोत्साहन नीति के तहत 100 करोड़ रुपए का स्टार्टअप फंड बनाया गया है। सरकार ने पुलिस में 7 हजार युवाओं की भर्ती की जानकारी दी। इसके अलावा शिक्षक एवं सहायक शिक्षकों के 3,946 पदों तथा बिजली कंपनियों में 1,235 पदों पर भर्ती प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है।

प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए ‘सीजी असिस्टेंस फॉर कॉम्पिटिटिव एक्जाम’ योजना शुरू करने की बात भी कही गई है। इसके तहत NEET, JEE, CLAT, रेलवे, SSC, बैंकिंग, PSC और UPSC जैसी परीक्षाओं की तैयारी में सहायता देने की योजना है। चार वर्ष की सैन्य सेवा पूरी करने वाले छत्तीसगढ़ के अग्निवीरों को पुलिस आरक्षक, वनरक्षक और जेल प्रहरी की सीधी भर्ती में 10 प्रतिशत आरक्षण देने का निर्णय लिया गया है। गीदम, कुनकुरी, जांजगीर-चांपा, मनेंद्रगढ़ और कवर्धा में पांच मेडिकल कॉलेज इसी सत्र से शुरू किए जाने की जानकारी दी गई है। प्रदेश में फॉरेंसिक यूनिवर्सिटी कैंपस, NIFT और NIELIT जैसे संस्थान स्थापित किए जा रहे हैं।

प्रदेश में अब तक 24 लाख 50 हजार आवास स्वीकृत किए जा चुके हैं। सरकार के अनुसार प्रदेश में रोजाना औसतन 1,600 घर बनाए जा रहे हैं। प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना और मुख्यमंत्री खाद्यान्न सहायता योजना के तहत 73 लाख परिवारों को मुफ्त खाद्यान्न उपलब्ध कराया जा रहा है। ‘महतारी वंदन योजना’ के तहत अब तक 19,444 करोड़ रुपए महिलाओं के खातों में ट्रांसफर किए जाने की जानकारी दी गई है। प्रदेश में 13 लाख 85 हजार महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। बस्तर में नक्सल हिंसा के कारण बंद स्कूलों को दोबारा शुरू करने के साथ 36 नए स्कूल स्वीकृत किए गए हैं। ओरछा और जगरगुंडा में एजुकेशन सिटी विकसित की जा रही है।

‘मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान’ के तहत 34 लाख से अधिक लोगों की स्वास्थ्य जांच कर हेल्थ प्रोफाइल तैयार की गई है। करीब 10 लाख परिवारों की आय बढ़ाने के लिए 4,824 करोड़ रुपए की आजीविका उन्नयन योजना तैयार की गई है। इसके अलावा 461 गांवों को ग्रिड आधारित बिजली से जोड़ने और 234 अंदरूनी बसाहटों को मुख्य सड़कों से जोड़ने का काम किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ग्रामीण बस सेवा से बस्तर और सरगुजा संभाग के 814 गांवों को सार्वजनिक परिवहन की सुविधा मिलने की जानकारी दी गई। राज्य में धान की खरीदी 3,100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से 21 क्विंटल प्रति एकड़ के मान से की जा रही है।
उद्योगों में 8.23 लाख करोड़ के निवेश प्रस्ताव
सरकार के अनुसार इन्वेस्टर कनेक्ट कार्यक्रमों से अब तक 8 लाख 23 हजार करोड़ रुपए के निवेश प्रस्ताव मिले हैं। इनसे करीब 1 लाख 74 हजार रोजगार के अवसर बनने की संभावना है। नवा रायपुर की स्विफ्ट टेक्सटाइल गारमेंट इकाई से 4,600 से अधिक युवाओं को रोजगार मिलने की संभावना है। प्रदेश में 23 नए औद्योगिक क्षेत्र स्थापित किए जा रहे हैं। ‘मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना’ के तहत 12 लाख से अधिक उपभोक्ताओं का 910 करोड़ रुपए का सरचार्ज माफ किया गया है। ‘प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना’ का लाभ प्रदेश के 90 हजार से अधिक उपभोक्ता ले रहे हैं। दूरस्थ क्षेत्रों में ढाई वर्षों में 829 मोबाइल टावर लगाए गए हैं। ‘भारतनेट 3.0’ के तहत 5,659 ग्राम पंचायतों को हाईस्पीड इंटरनेट से जोड़ने का लक्ष्य है।
बस्तर और सरगुजा में पर्यटन सुविधाओं का विस्तार
‘मुख्यमंत्री पर्यटन मिशन’ के तहत बस्तर और सरगुजा में पर्यटन सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा। चित्रकोट में टेंट सिटी बनाने और उसे ग्लोबल टूरिस्ट डेस्टिनेशन के रूप में विकसित करने की योजना है। सिरपुर को विश्व धरोहर स्थल के मानकों के अनुरूप विकसित करने तथा छत्तीसगढ़ी सिनेमा के लिए ‘चित्रोत्पला फिल्म सिटी’ बनाने का निर्णय लिया गया है। साइबर अपराध से निपटने के लिए प्रदेश में 9 नए साइबर पुलिस थाने बनाए गए हैं। डायल-112 सेवा पूरे प्रदेश में लागू की गई है।





































