JALAUN NEWS जालौन : उत्तरप्रदेश के जालौन जिले में ऑनलाइन डेटिंग ऐप के जरिए युवकों को फंसाकर ब्लैकमेल करने वाले गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है। आरोपियों ने युवती बनकर दो युवकों से दोस्ती की और उन्हें कालपी कोतवाली क्षेत्र के जोल्हूपुर मोड़ स्थित जंगल में मिलने के लिए बुलाया। वहां पहुंचने पर युवकों को बंधक बनाकर उनकी अश्लील वीडियो बनाई गई और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उनसे पैसे वसूले गए।

पहली घटना 16 जून की है, जब आटा थाना क्षेत्र के एक युवक को डेटिंग ऐप के माध्यम से जंगल में बुलाया गया। वहां मौजूद चार आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की, अश्लील वीडियो बनाई और मोबाइल व नकदी छीन ली।

वहीं, 14 जून को एक अन्य युवक को भी इसी तरह जाल में फंसाया गया। आरोपियों ने उसकी अश्लील वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी और उससे 16 हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर करा लिए। साथ ही उसके कान की सोने की बाली भी छीन ली।

सीओ कालपी राजेश कमल के अनुसार, आरोपी WALA ऐप के जरिए लोगों को फंसाकर उनकी नग्न वीडियो बनाते थे और फिर ब्लैकमेल कर रंगदारी वसूलते थे। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सनी कुमार, पुष्पेंद्र कुशवाहा उर्फ बाबा और पुष्पेंद्र कुमार उर्फ राजा को गिरफ्तार कर लिया है।

आरोपियों के कब्जे से 315 बोर का तमंचा और दो जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए हैं। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।






































