JHANSI NEWS : झांसी। जिलाधिकारी गौरांग राठी की सख्ती के बाद झांसी विकास प्राधिकरण (JDA) ने शहर में चल रहे आठ कोचिंग सेंटरों को सील कर दिया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जो भी कोचिंग संस्थान नियमों का पालन नहीं करेंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

डीएम गौरांग राठी ने कहा कि जनपद में संचालित सभी कोचिंग संस्थानों की जांच की जा रही है। जो संस्थान भवन मानचित्र स्वीकृति, फायर सेफ्टी और अन्य निर्धारित मानकों का पालन नहीं कर रहे हैं, उन्हें बंद किया जाएगा। उन्होंने कहा कि “एक भी अवैध कोचिंग को चलने नहीं दिया जाएगा।”

प्रशासन ने छात्रों की पढ़ाई प्रभावित न हो, इसके लिए सात दिन का समय दिया है ताकि वे वैकल्पिक संस्थानों में प्रवेश लेकर अपनी पढ़ाई जारी रख सकें। साथ ही, डीएम ने निर्देश दिए हैं कि बंद होने वाले कोचिंग संस्थानों से छात्रों की फीस भी वापस कराई जाएगी, ताकि किसी छात्र या अभिभावक को आर्थिक नुकसान न हो।

झांसी विकास प्राधिकरण की टीम ने विशेष अभियान चलाकर कई कोचिंग संस्थानों का निरीक्षण किया। जांच में पाया गया कि कई संस्थान बिना स्वीकृत भवन मानचित्र के व्यावसायिक गतिविधियां संचालित कर रहे थे, जो उत्तर प्रदेश नगर नियोजन एवं विकास अधिनियम का उल्लंघन है।

जिन कोचिंग संस्थानों पर कार्रवाई की गई है उनमें कुमार्स आईएएस (सीपरी बाजार), केजीएन स्टडी (इलाइट चौराहा), विद्यापीठ कोचिंग क्लासेज (सिविल लाइंस), कॉमर्स क्लासेज (पंचकुइयां चौराहा), एकलव्य क्लासेज (आतिया तालाब), मोशन क्लासेज (आतिया तालाब), महिंद्रा क्लासेज (जीवनशाह चौराहा) और आकाश कोचिंग (चित्रा रोड, सिविल लाइंस) शामिल हैं।

प्रशासन ने कहा है कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वाले संस्थानों पर लगातार कार्रवाई की जाएगी।





































