AMBIKAPUR NEWS. छत्तीसगढ़ में अवैध खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत खनिज विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। राज्य सरकार ने स्पष्ट किया है कि खनिज संसाधनों की अवैध लूट, गैरकानूनी कारोबार और शासकीय कार्य में बाधा डालने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। केंद्रीय खनिज उड़नदस्ता की संयुक्त टीम ने शिकायतों और विभिन्न माध्यमों से प्राप्त सूचनाओं के आधार पर 22 जून 2026 को मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, सूरजपुर और सरगुजा जिलों में व्यापक जांच अभियान चलाया।

इस दौरान अवैध खनिज परिवहन में संलिप्त 7 वाहनों को जब्त कर उनके खिलाफ खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 के तहत प्रकरण दर्ज किए गए। अभियान के दौरान अंबिकापुर के गांधी चौक क्षेत्र में खनिज परिवहन की जांच कर रही केंद्रीय खनिज उड़नदस्ता टीम के साथ अभद्र व्यवहार और धमकी देने का मामला भी सामने आया।

विभाग के अनुसार रेत से भरे एक टिप्पर के वाहन मालिक लड्डन खान, चालक सोनू टोप्पो, धंसी टोप्पो, खलासी सुरेश सिंह और उनके एक साथी सुनील ने अधिकारियों के साथ दुर्व्यवहार किया और शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने का प्रयास किया। आरोपियों ने वाहन लेकर मौके से भागने की कोशिश भी की, लेकिन मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना गांधीनगर में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया गया।

स्थानीय पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अब तक चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं वाहन मालिक लड्डन खान की तलाश जारी है। जब्त किए गए वाहन को भी पुलिस अभिरक्षा में रखा गया है। खनिज विभाग ने कहा है कि अवैध खनन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान को प्रभावित करने, अधिकारियों को डराने-धमकाने या कार्रवाई रोकने की कोशिश करने वालों के खिलाफ अतिरिक्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

ड्रोन और उड़नदस्ता टीमों से निगरानी
विभाग के मुताबिक अवैध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए आधुनिक तकनीकों, ड्रोन सर्विलांस और विशेष उड़नदस्ता टीमों का उपयोग किया जा रहा है। सरकार ने दोहराया है कि प्रदेश में अवैध खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और कानून तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।






































