BILASPUR NEWS. छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री ने बिलासपुर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने मीडिया से चर्चा करते हुए भाजपा सरकार और आरएसएस पर जमकर निशाना साधा। अयोध्या राम मंदिर में हुई चोरी की घटना का जिक्र करते हुए बघेल ने कहा कि जिस तरह महमूद गजनवी ने सोमनाथ मंदिर को लूटा था, उसी तरह आज आरएसएस और बजरंग दल के लोग देश को लूटने में लगे हुए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि छत्तीसगढ़ में रायगढ़ से लेकर बस्तर तक राम के नाम पर लूट मची हुई है।

विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के नेतृत्व को लेकर पूछे गए सवाल पर बघेल ने कहा कि पार्टी आगामी चुनाव सामूहिक नेतृत्व में लड़ेगी। उन्होंने अपने चर्चित अंदाज में कहा, “कका अभी जिंदा हे और कका का तेवर भी बरकरार रहेगा”, लेकिन चुनाव का नेतृत्व पूरी पार्टी मिलकर करेगी।

पूर्व मुख्यमंत्री ने किसानों की समस्याओं को लेकर भी भाजपा सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि प्रदेश के किसान तीनहरी मार झेल रहे हैं। एक तरफ मौसम की मार है, दूसरी ओर पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों का असर है और नकली खाद की समस्या अलग है। इसके अलावा बढ़े हुए बिजली बिलों ने किसानों की परेशानियां और बढ़ा दी हैं। उन्होंने कहा कि स्कूल खुल चुके हैं, लेकिन कई जगहों पर बच्चों को अभी तक किताबें और बस्ते नहीं मिल पाए हैं, जो सरकार की विफलता को दर्शाता है।

बिलासपुर सेंट्रल जेल में हुई चाकूबाजी की घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए बघेल ने प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि राज्य में अपराध लगातार बढ़ रहे हैं और व्यापारी से लेकर आम नागरिक तक कोई सुरक्षित महसूस नहीं कर रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि अपराधियों को भाजपा नेताओं और विधायकों का संरक्षण प्राप्त है। बघेल ने कहा कि अब हालात ऐसे हो गए हैं कि जेल के भीतर बंद कैदी भी सुरक्षित नहीं हैं।

कांग्रेस नेता ने का बचाव करते हुए कहा कि भाजपा ने उन्हें बदनाम करने के लिए करोड़ों रुपये खर्च किए हैं। उन्होंने दावा किया कि जब भी राहुल गांधी कोई मुद्दा उठाते हैं, भाजपा के शीर्ष से लेकर निचले स्तर तक के नेता सक्रिय हो जाते हैं। बघेल ने कहा कि यदि भाजपा किसी नेता से सबसे अधिक डरती है तो वह राहुल गांधी हैं।






































