RAIPUR NEWS. मुख्यमंत्री निवास में गुरुवार देर रात तक चली मंत्रियों की मैराथन बैठक को लेकर कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने दावा किया कि बैठक में मुख्यमंत्री और मंत्रियों के बीच कामकाज को लेकर गंभीर मतभेद सामने आए और दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस हुई।

बैज ने कहा कि भाजपा संगठन और सरकार के बीच सब कुछ ठीक नहीं चल रहा है। सरकार पूरी तरह विफल हो चुकी है और अब जनता को मुख्यमंत्री सहित मंत्रियों के इस्तीफे का इंतजार है।

उन्होंने बताया कि मंत्रियों को अपने-अपने क्षेत्रों से तत्काल मुख्यमंत्री निवास पहुंचने के निर्देश दिए गए थे। रात 8 बजे से शुरू हुई बैठक करीब 2 बजे तक चली। बैठक में मुख्यमंत्री ने मंत्रियों के कामकाज पर सवाल उठाए, वहीं मंत्रियों ने भी मुख्यमंत्री के कार्यों की समीक्षा की मांग कर दी। इसी मुद्दे पर दोनों पक्षों के बीच कथित तौर पर जमकर विवाद हुआ।

शराब ओवररेटिंग के पैसे का हिसाब मांगे सरकार
प्रदेश में शराब की ओवररेटिंग के मुद्दे पर दीपक बैज ने भाजपा सरकार को घेरते हुए कहा कि हर बोतल पर अतिरिक्त राशि वसूली जा रही है। उन्होंने सवाल किया कि यह पैसा आखिर किसके पास जा रहा है। बैज ने इस मामले की जांच की मांग करते हुए पूछा कि क्या सरकार इस पर ईडी और सीबीआई से जांच कराएगी।

मंत्रिमंडल को ही नहीं सीएम पर भरोसा : बैज
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय द्वारा कांग्रेस के प्रशिक्षण शिविर पर दिए गए बयान का जवाब देते हुए बैज ने कहा कि मुख्यमंत्री पहले अपने मंत्रिमंडल को संभालें। उनका आरोप है कि मंत्रियों को अपने ही मुख्यमंत्री पर भरोसा नहीं है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि यदि मुख्यमंत्री और मंत्री प्रशिक्षण लेना चाहते हैं तो कांग्रेस के अभनपुर प्रशिक्षण शिविर में उनका स्वागत है।

धान खरीदी व्यवस्था पर भी साधा निशाना
महाराष्ट्र के विधायक प्रतिनिधिमंडल द्वारा छत्तीसगढ़ में धान खरीदी व्यवस्था के अध्ययन को लेकर भी बैज ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि प्रतिनिधिमंडल को सीधे किसानों से बात करनी चाहिए और जानना चाहिए कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार की राजीव गांधी किसान न्याय योजना से किसानों को किस तरह लाभ मिला था। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार ने धान खरीदी और टोकन व्यवस्था को किसानों के लिए अधिक जटिल बना दिया है। साथ ही कहा कि यदि प्रतिनिधिमंडल कांग्रेस से चर्चा करना चाहता है तो उनका स्वागत है।





































