KOREA NEWS. कोरिया जिले के सोनहत तहसील अंतर्गत ग्राम कटगोड़ी में पुरानी रंजिश के चलते हुई तीन लोगों की मौत के मामले के बाद जिला प्रशासन ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए कड़े कदम उठाए हैं। संभावित तनाव और शांति भंग होने की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने बैकुंठपुर के महलपारा, नौगई और कटगोड़ी स्थित क्रशर प्लांट क्षेत्र में धारा 163 लागू कर दी है।

कलेक्टर रोक्तिमा यादव द्वारा जारी आदेश के अनुसार चिन्हित क्षेत्रों में 300 मीटर की परिधि तक किसी भी प्रकार के घातक हथियार, अस्त्र-शस्त्र या विस्फोटक सामग्री लेकर घूमने, जुलूस निकालने, धरना-प्रदर्शन करने और आमसभा आयोजित करने पर प्रतिबंध रहेगा। साथ ही भड़काऊ नारेबाजी, आपत्तिजनक पोस्टर या प्रचार सामग्री के वितरण पर भी रोक लगा दी गई है।

पुरानी रंजिश ने ली तीन जानें
जानकारी के अनुसार मंगलवार को हुए विवाद के बाद रात करीब 10:30 बजे भाजपा नेता भरत सिंह गहरवार उर्फ लल्ला सिंह अपने साथियों योगेन्द्र सिंह, विरेन्द्र सिंह, मयंक सिंह और नागेन्द्र सिंह के साथ ग्राम कटगोड़ी में मनोज त्रिपाठी के घर के सामने पहुंचे थे। आरोप है कि पुराने विवाद को लेकर मनोज त्रिपाठी, निशांत त्रिपाठी और अन्य लोगों ने भरत सिंह की फॉर्च्यूनर वाहन पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी।

इस घटना में वाहन में सवार भरत सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से झुलसे उनके साथी नागेन्द्र सिंह और विरेन्द्र सिंह ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल है।

सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई
प्रशासन और पुलिस ने संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोका जा सके। मामले की जांच जारी है और आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।







































