BHILAI NEWS. स्टील सिटी भिलाई अगले सप्ताह सिनेमा और रचनात्मकता के रंग में रंगने जा रही है। रूंगटा इंटरनेशनल स्किल्स यूनिवर्सिटी में 23 से 25 जून तक आयोजित होने वाले ‘रूंगोत्सव फिल्म एवं मीडिया फेस्टिवल’ में बॉलीवुड और फिल्म जगत की कई नामचीन हस्तियां शिरकत करेंगी। तीन दिवसीय आयोजन में प्रसिद्ध फिल्म निर्देशक अनुराग बसु, अभिनेत्री चित्रांशी रावत, लेखक-निर्देशक अपूर्व धर बड़गैयां, फिल्मकार धुर्वादित्य भगवानानी और निर्देशक विवेक शर्मा सहित कई चर्चित चेहरे युवाओं से रूबरू होंगे।

आयोजकों का दावा है कि यह भिलाई का पहला ऐसा फिल्म फेस्टिवल होगा, जहां बॉलीवुड के दिग्गज सीधे छत्तीसगढ़ के युवाओं की बनाई फिल्मों को देखेंगे और उनका मार्गदर्शन करेंगे। फेस्टिवल में शॉर्ट फिल्म, डॉक्यूमेंट्री, अभिनय, पटकथा लेखन, कंटेंट क्रिएशन और मीडिया इंडस्ट्री में करियर से जुड़े विषयों पर विस्तृत चर्चा होगी।

अनुराग बसु साझा करेंगे सफलता की कहानी
फेस्टिवल का सबसे बड़ा आकर्षण 24 जून को होने वाला विशेष सत्र होगा, जिसमें ‘बर्फी’, ‘लाइफ इन ए मेट्रो’, ‘गैंगस्टर’, ‘मर्डर’, ‘जग्गा जासूस’ और ‘लूडो’ जैसी चर्चित फिल्मों के निर्देशक अनुराग बसु युवाओं से संवाद करेंगे। छत्तीसगढ़ से निकलकर बॉलीवुड में पहचान बनाने वाले अनुराग अपने संघर्ष, अनुभव और फिल्म निर्माण की यात्रा साझा करेंगे। विद्यार्थियों को उनसे सीधे सवाल पूछने का अवसर भी मिलेगा।
लेखन से अभिनय तक सीखेंगे फिल्मी दुनिया के गुर
लोकप्रिय वेब सीरीज ‘मिर्जापुर-3’ के लेखक और फिल्म निर्देशक अपूर्व धर बड़गैयां युवाओं को कहानी, पटकथा और विषय चयन की बारीकियां बताएंगे। वहीं ‘चक दे इंडिया’ में कोमल चौटाला का किरदार निभाकर पहचान बनाने वाली चित्रांशी रावत अभिनय, अनुशासन और कैमरे के सामने आत्मविश्वास बनाए रखने के अनुभव साझा करेंगी। निर्देशक विवेक शर्मा भी फिल्म निर्माण की तकनीकी और रचनात्मक प्रक्रिया पर विशेष सत्र लेंगे।

छत्तीसगढ़ी सिनेमा के सितारे भी होंगे शामिल
फेस्टिवल के अंतिम दिन छत्तीसगढ़ी फिल्म जगत के प्रमुख नाम अनुज शर्मा, सतीश जैन, मनोज वर्मा और मनीष मानिकपुरी मंच साझा करेंगे। यह सत्र क्षेत्रीय सिनेमा की संभावनाओं और भविष्य पर केंद्रित रहेगा।

युवाओं की फिल्मों का होगा प्रदर्शन, मिलेंगे पुरस्कार
रूंगटा यूनिवर्सिटी के कुलपति डॉ. जवाहर सूरीशेट्टी ने बताया कि प्रदेशभर के स्कूलों और कॉलेजों के विद्यार्थियों ने इस फेस्टिवल के लिए शॉर्ट फिल्म और डॉक्यूमेंट्री तैयार की हैं। इन फिल्मों का प्रदर्शन फिल्म जगत के विशेषज्ञों के सामने किया जाएगा। श्रेष्ठ फिल्मों को पुरस्कृत किया जाएगा। इसके अलावा कंटेंट क्रिएटर्स और सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर्स के लिए भी पुरस्कार घोषित किए गए हैं। प्रतियोगिताओं के लिए कुल एक लाख रुपये की पुरस्कार राशि रखी गई है।

फिल्म मेकिंग में करियर का मिलेगा मौका
रूंगटा यूनिवर्सिटी में इस वर्ष स्कूल ऑफ फिल्म एंड मीडिया की शुरुआत की गई है। यहां बीए, बी-वॉक, डिप्लोमा और सर्टिफिकेट कोर्स के माध्यम से फिल्म मेकिंग, सिनेमेटोग्राफी, वीडियो एडिटिंग, विजुअल स्टोरी टेलिंग और कंटेंट क्रिएशन की पढ़ाई कराई जाएगी। छात्रों के प्रशिक्षण के लिए अत्याधुनिक फिल्म स्टूडियो और सेट भी तैयार किए गए हैं।





































