गाजियाबाद: अक्सर कहा जाता है कि बेटियां परिवार का गौरव और अभिमान होती हैं। गाजियाबाद के मोरटा गांव की दो बेटियों ने इस कहावत को सच साबित कर दिखाया। जब उनके पिता के जीवन पर गंभीर संकट आया, तब दोनों बेटियां उनके लिए मजबूती से खड़ी रहीं और अपने त्याग व साहस से उन्हें नया जीवन दे दिया।

मोरटा गांव निवासी 45 वर्षीय जयंत त्यागी, जो पूर्व में भाजपा के सेक्टर संयोजक भी रह चुके हैं, अचानक गंभीर बीमारी की चपेट में आ गए। चिकित्सकीय जांच में पता चला कि उनकी किडनी और लीवर दोनों गंभीर रूप से प्रभावित हो चुके हैं और उन्हें तत्काल प्रत्यारोपण की आवश्यकता है। यह खबर पूरे परिवार के लिए बेहद कठिन थी, लेकिन उनकी बेटियों ने हिम्मत नहीं हारी।

हाल ही में बीटेक की पढ़ाई पूरी करने वाली बड़ी बेटी रिषिका त्यागी ने बिना किसी हिचकिचाहट के अपनी एक किडनी पिता को दान करने का निर्णय लिया। विशेष बात यह है कि रिषिका की शादी कुछ ही महीनों बाद होने वाली है। जब उन्होंने अपने होने वाले ससुराल पक्ष को इस फैसले की जानकारी दी, तो परिवार ने उनके इस साहसिक कदम का पूरा समर्थन किया और उनका उत्साह बढ़ाया।

वहीं, बीटेक प्रथम वर्ष की छात्रा छोटी बेटी खुशी त्यागी ने भी अपने पिता को जीवनदान देने के लिए अपने लीवर का एक हिस्सा दान करने का फैसला किया। दोनों बेटियों का केवल एक ही संकल्प था—अपने पिता को हर हाल में स्वस्थ देखना।

परिवार के कई सदस्यों की जांच के बाद डॉक्टरों ने पाया कि दोनों बेटियां प्रत्यारोपण के लिए सबसे उपयुक्त डोनर हैं। सभी आवश्यक चिकित्सकीय प्रक्रियाओं और काउंसलिंग के बाद सोमवार को नोएडा के एक निजी अस्पताल में विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने जटिल और लंबी सर्जरी के जरिए सफलतापूर्वक किडनी और लीवर ट्रांसप्लांट किया।

फिलहाल जयंत त्यागी और उनकी दोनों बेटियों की स्थिति स्थिर बताई जा रही है और सभी की सेहत में सुधार हो रहा है।
जयंत त्यागी के छोटे भाई अमित रंजन ने बताया कि शुरुआत में परिवार बेटियों के स्वास्थ्य और भविष्य को लेकर चिंतित था, लेकिन बेटियों का अटूट विश्वास था कि “पापा हैं तो सब कुछ है।” उनके इसी दृढ़ संकल्प ने पूरे परिवार को भावुक कर दिया।
इस दौरान बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता भी अस्पताल पहुंचे और रक्तदान कर परिवार का सहयोग किया। भाजपा महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल समेत मोरटा गांव और संगठन से जुड़े लोगों ने दोनों बेटियों के साहस, त्याग और समर्पण की सराहना की है।





































