SAGAR NEWS सागर। शहर के गोपालगंज थाना क्षेत्र स्थित अटल पार्क में मंगलवार शाम उस समय हंगामे की स्थिति बन गई, जब कुछ हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं ने एक युवक और युवती को पार्क में देखकर आपत्ति जताई। इसके बाद युवक को रोककर पुलिस के हवाले कर दिया गया।

जानकारी के अनुसार, संगठन के कार्यकर्ताओं को सूचना मिली थी कि पार्क में एक युवक और युवती मौजूद हैं। सूचना मिलने पर कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और दोनों से पूछताछ की। इस दौरान युवक की पहचान रहली निवासी फराज खान के रूप में बताई गई।

कार्यकर्ताओं का आरोप है कि युवक ने युवती से संपर्क के दौरान अपनी पहचान किसी अन्य नाम से बताई थी। वहीं, मौके पर मौजूद युवती द्वारा भी युवक के संबंध में कुछ आरोप लगाए गए। हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है।

हिंदू संगठन के सदस्यों ने यह भी दावा किया कि युवक के मोबाइल फोन में कुछ आपत्तिजनक सामग्री मिली है। हालांकि मोबाइल से संबंधित दावों की अभी तक पुलिस द्वारा आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
घटना की सूचना मिलने पर गोपालगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को हिरासत में लेकर थाने ले गई। पुलिस ने युवक का मोबाइल फोन भी जांच के लिए अपने कब्जे में ले लिया है।
बताया जा रहा है कि पूछताछ के बाद युवती को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। मोबाइल फोन की जांच और संबंधित पक्षों के बयान के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।






































