PRAYAGRAJ NEWS प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले के मेजा क्षेत्र में एक ही परिवार के तीन लोगों की हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना कुकुर कटवा गांव की बताई जा रही है, जहां घर के परिसर में तीन शव मिलने से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार मृतकों की पहचान श्यामलाल गुप्ता, उनकी पत्नी अमरावती गुप्ता और रिश्ते में बुआ इंद्रावती गुप्ता के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

पुलिस जांच में सामने आया है कि इस वारदात में गांव के ही रहने वाले हिमांशु यादव का नाम सामने आया है, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि आरोपी का मृतक परिवार की युवती के साथ प्रेम संबंध था।

पुलिस के अनुसार प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया है कि शादी से इनकार और युवती से दूर किए जाने को लेकर वह नाराज था। इसी विवाद के चलते यह घटना हुई।

जानकारी के मुताबिक, प्रेम प्रसंग के चलते दोनों परिवारों के बीच पहले भी तनाव की स्थिति रही थी। युवती को घर से दूर रिश्तेदार के यहां भेजे जाने और संपर्क पर रोक लगाए जाने की बात भी सामने आई है।

घटना के बाद पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए करीब 12 घंटे के भीतर मामले का खुलासा कर दिया। पुलिस के अनुसार आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया गया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।





































