GARIYABAND NEWS. जिले के शोभा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गरीबा (राजापड़ाव) में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला सनसनीखेज दोहरा हत्याकांड सामने आया है। पारिवारिक विवाद के चलते सगे भाई और भतीजों ने मिलकर अपने ही चाचा-चाची की डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपियों ने सबूत मिटाने के इरादे से दोनों शवों को बोरे में भरकर श्मशान घाट में दफना दिया। घटना का खुलासा पांच दिन बाद तब हुआ जब ग्रामीणों की नजर श्मशान में बनी नई कब्र पर पड़ी।

पुलिस के अनुसार, ग्राम गरीबा निवासी राजाराम नेताम (45) और उनकी पत्नी आशो बाई नेताम (40) खेती-किसानी कर जीवनयापन करते थे। उनकी कोई संतान नहीं थी। परिवार के अन्य सदस्यों के साथ लंबे समय से उनका विवाद चल रहा था और अक्सर कहासुनी होती रहती थी।

बताया जा रहा है कि 6 जून को एक बार फिर विवाद बढ़ गया। गुस्से में आकर राजाराम के भाई लखीराम नेताम तथा भतीजों रघुराम नेताम और नकुल राम नेताम ने दंपती पर डंडों से हमला कर दिया। सिर और शरीर पर गंभीर चोट लगने से दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

हत्या के बाद आरोपियों ने शवों को प्लास्टिक की बोरियों में भरकर रात के अंधेरे में श्मशान घाट पहुंचाया और गुप्त रूप से दफना दिया ताकि किसी को घटना की जानकारी न मिल सके।मामले का खुलासा 11 जून को हुआ, जब गांव में एक अन्य व्यक्ति की मौत के बाद ग्रामीण अंतिम संस्कार के लिए श्मशान घाट पहुंचे। वहां पहले से बनी ताजा कब्र देखकर लोगों को संदेह हुआ, क्योंकि हाल के दिनों में किसी अन्य व्यक्ति की मौत नहीं हुई थी। इसी दौरान कई दिनों से लापता राजाराम और आशो बाई की चर्चा शुरू हुई। पूछताछ में एक आरोपी भतीजे ने सरपंच के सामने पूरा सच कबूल कर लिया।

सूचना मिलने पर शोभा थाना प्रभारी पवन वर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। कार्यपालिक मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में कब्र खुदवाकर दोनों शवों को बाहर निकाला गया, जिनकी पहचान राजाराम नेताम और आशो बाई के रूप में हुई।

गरियाबंद के एएसपी करण कुमार उइके ने बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या के तीनों आरोपियों—लखीराम नेताम, रघुराम नेताम और नकुल राम नेताम—को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया गया है तथा अवशेषों को फॉरेंसिक जांच के लिए रायपुर भेजा गया है।इस जघन्य दोहरे हत्याकांड से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।





































