KANKER NEWS. छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में आज यानी 12 जून को आकाशीय बिजली गिरने से बड़ा हादसा हो गया। अंतागढ़ ब्लॉक के कलगांव में मनरेगा कार्य के दौरान बारिश से बचने के लिए पेड़ के नीचे खड़े हुए ग्रामीणों पर बिजली गिर गई। हादसे में गांव के उपसरपंच समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच महिलाएं घायल हो गईं। घायलों का उपचार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अंतागढ़ में जारी है।

जानकारी के अनुसार, कलगांव में मनरेगा योजना के तहत तालाब गहरीकरण का कार्य चल रहा था। सुबह अचानक मौसम खराब होने के बाद बारिश शुरू हो गई। इससे बचने के लिए वहां काम कर रहे मजदूर पास के एक पेड़ के नीचे एकत्र हो गए। इसी दौरान तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली गिर गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

अंतागढ़ थाना प्रभारी के मुताबिक, कार्यस्थल पर करीब 50 से 60 मजदूर मौजूद थे। बिजली गिरने की चपेट में आने से तीन लोगों की जान चली गई, जबकि पांच अन्य घायल हो गए। घायलों में एक महिला की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिसे बेहतर उपचार के लिए कांकेर रेफर किया जा रहा है।

हादसे में मृतकों की पहचान संतोष पटेल, प्रकाश पटेल और गांव के उपसरपंच मनराज पटेल के रूप में हुई है। तीनों कलगांव के निवासी थे। घटना के बाद मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं।

इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीम राहत एवं उपचार कार्य में जुटी हुई है।






































