झांसी : उत्तर प्रदेश के झांसी जिले से मारपीट का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। शहर कोतवाली क्षेत्र के लक्ष्मीगेट इलाके में एक युवक को कथित तौर पर पड़ोसियों द्वारा बेरहमी से पीटे जाने का मामला चर्चा में है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, पीड़ित युवक की पहचान अनिकेत वर्मा के रूप में हुई है, जो बस स्टैंड स्थित एक होटल में काम करता है। अनिकेत का आरोप है कि कुछ दिन पहले पड़ोसियों के कुत्ते ने उसे काट लिया था। इसके बाद वह शिकायत करने के लिए उनके घर पहुंचा, लेकिन उसकी बात सुनने के बजाय उसे धमकाकर भगा दिया गया। युवक का कहना है कि उसने इस मामले की शिकायत शहर कोतवाली पुलिस से भी की थी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

पीड़ित के मुताबिक, शिकायत से नाराज पड़ोसियों ने रविवार को उसे रास्ते में रोक लिया और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि कई लोगों ने मिलकर उसे लात-घूंसों से बुरी तरह पीटा, जिससे वह बेहोश हो गया। अनिकेत का दावा है कि मारपीट के बाद आरोपी उसे सड़क पर घसीटते हुए एक गली तक ले गए और वहां छोड़कर फरार हो गए।

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में कुछ लोग एक युवक को जमीन पर गिराकर मारते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में एक महिला भी नजर आ रही है, जो बीच-बचाव की कोशिश करती दिखती है, लेकिन इसके बावजूद मारपीट जारी रहती है। बताया जा रहा है कि पूरी घटना आसपास लगे कैमरों और स्थानीय लोगों के मोबाइल फोन में रिकॉर्ड हो गई।

अनिकेत ने आरोप लगाया है कि हमलावरों ने मारपीट के दौरान उसकी नकदी भी छीन ली। वह अब न्याय की मांग करते हुए अधिकारियों से कार्रवाई की गुहार लगा रहा है।

वहीं, शहर कोतवाली प्रभारी राजेश सिंह ने बताया कि वायरल वीडियो को संज्ञान में लेकर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में कुछ अलग तथ्य सामने आए हैं। हालांकि, मामले में अभी तक कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। जांच पूरी होने के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।





































