RAIPUR NEWS. राजधानी में साइबर ठगी का एक और मामला सामने आया है, जहां मोबाइल हैक कर एक युवक के क्रेडिट कार्ड से 1.43 लाख रुपये की ऑनलाइन खरीदारी कर ली गई। आरोपियों ने पीड़ित के कार्ड का दुरुपयोग करते हुए तीन मोबाइल फोन ऑर्डर कर दिए। मामले में टिकरापारा थाना पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, पीड़ित केतन यशवंत महाजन ने शिकायत दर्ज कराई है कि 24 मई की रात करीब 8:10 बजे उनके मोबाइल फोन की सुरक्षा से छेड़छाड़ की गई।

आरोप है कि सुमन नाम के व्यक्ति ने मोबाइल हैक कर क्रेडिट कार्ड की जानकारी हासिल की और उसके जरिए ऑनलाइन शॉपिंग कर ली। शिकायत में बताया गया है कि कार्ड से कुल 1.43 लाख रुपये का ट्रांजेक्शन किया गया। इस रकम से तीन मोबाइल फोन खरीदे गए, जिनकी डिलीवरी दिल्ली के बादली रोहिणी इलाके के एक पते पर कराई गई।

पीड़ित को इस धोखाधड़ी की जानकारी बाद में हुई, जिसके बाद उन्होंने साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने आरोपी से संपर्क करने का भी प्रयास किया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। टिकरापारा थाना पुलिस ने आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस और साइबर सेल की टीम तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर ट्रांजेक्शन और संबंधित मोबाइल नंबरों की जांच कर रही है।

ऐसे साइबर फ्रॉड से बचें
- किसी भी अनजान लिंक, एपीके फाइल या ऐप को डाउनलोड न करें।
- क्रेडिट कार्ड, ओटीपी, सीवीवी और नेट बैंकिंग की जानकारी किसी के साथ साझा न करें।
- मोबाइल और बैंकिंग ऐप्स में टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन (2FA) जरूर सक्रिय रखें।
- बैंक खाते और कार्ड के ट्रांजेक्शन अलर्ट हमेशा चालू रखें।
- संदिग्ध गतिविधि दिखने पर तुरंत कार्ड ब्लॉक कर बैंक को सूचित करें।
- मोबाइल में केवल आधिकारिक ऐप स्टोर से ही ऐप डाउनलोड करें।
- समय-समय पर पासवर्ड बदलते रहें और मजबूत पासवर्ड का उपयोग करें।
- साइबर ठगी की स्थिति में तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत करें या साइबर क्राइम पोर्टल पर रिपोर्ट दर्ज कराएं।

बढ़ रहे हैं मोबाइल हैकिंग के मामले
पिछले कुछ समय से साइबर अपराधी मोबाइल हैकिंग, फर्जी लिंक, स्क्रीन शेयरिंग ऐप और फिशिंग के जरिए लोगों के बैंक खातों व क्रेडिट कार्ड को निशाना बना रहे हैं। ऐसे मामलों में थोड़ी सी लापरवाही भी बड़ी आर्थिक हानि का कारण बन सकती है। इसलिए डिजिटल लेनदेन के दौरान सतर्कता ही सबसे बड़ा बचाव है।






































